विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बलरामपुर से गोंडा तक भी ठप हुआ रेल परिचालन

By Edited By:
Published: Tue, 15 Apr 2014 10:19 PM (IST)

News Article Hero Image

बलरामपुर: गोंडा -बढ़नी लूप लाइन पर चल रहे आमान परिवर्तन कार्य के चलते मंगलवार से बलरामपुर-गोंडा रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया। इसमें पूर्व झारखंडी रेलवे स्टेशन से बढ़नी तक आवागमन बंद किया गया था। अब पूरी तरह से गोंडा से बढ़नी तक ट्रेनों का पहिया जाम हो गया है। ट्रेनों का परिचालन ठप होने से यात्रियों को आने वाले दिनों में अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

गोंडा- गोरखपुर लूप लाइन के आमान परिवर्तन का कार्य चार चरणों में किया जा रहा है। इसी क्रम में आमान परिवर्तन के अंतिम चरण के कार्य के लिए मंगलवार को बलरामपुर से गोंडा संचालित की जा रही ट्रेनों का संचालन भी बंद हो गया। बलरामपुर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक शांती प्रसाद ने बताया कि आमान परिवर्तन के चलते पीडब्लूआइ कांस्ट्रेक्सन गोरखपुर के अधिकारियों द्वारा मंगलवार से गोंडा- बलरामपुर लूप लाइन पर संचालित हो रही ट्रेनों का संचालन अगली सूचना मिलने तक बंद करा दिया गया है। ट्रेन बंद होने संबंधी सूचना चस्पा कर दी गई है। ट्रेनों का संचालन बंद होने की जानकारी न होने के चलते कुछ यात्री मंगलवार को स्टेशन पहुंच गए। तुलसीपुर क्षेत्र के दिनेश कुमार ने बताया कि ट्रेनों का संचालन बंद होने के कारण लखनऊ जाने के भी लिए तीन बार वाहन बदलना पड़ रहा है।

सहालग व चुनाव का माहौल होने के चलते प्राइवेट वाहन की पहले से ही कमी है। जिले से प्रतिदिन लगभग एक हजार लोग गोंडा व देश के अन्य शहरों के लिए आवागमन करते हैं। जिला मुख्यालय से ट्रेनों का संचालन बंद होने के चलते नगर वासियों को घंटो इंतजार करना पड़ रहा है।

--- ---

-स्टेशन परिसर में पसरा सन्नाटा

ट्रेनों का परिचालन ठप होने से भगवतीगंज स्थित बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसर गया है। स्टेशन के बाहर एक भी लोग नहीं दिखे। प्लेट फार्म पर एक-दो ही लोग मिले। कैंटीन आज खुली थी, लेकिन उसके भी बंद होने के आसार हैं। कार्यालय में भी कर्मचारी रिलैक्स दिखे। हालांकि विभागीय कार्य के लिए कार्यालयों में एक-दो कर्मचारी तैनात थे।

--------

-जारी रहेगी आरक्षण सेवा

ट्रेनों का परिचालन भले ही ठप हो गया है, लेकिन स्टेशन पर टिकट आरक्षण की सेवा जारी रहेगी। स्टेशन अधीक्षक की मानें तो पूर्व निर्धारित अवधि में आरक्षित टिकट जारी किए जाएंगे।

------

-15 फरवरी को ठप हुई थी बलरामपुर-बढ़नी रेल सेवा

आमान परिवर्तन कार्य के चलते गत फरवरी माह की 15 तारीख को नगर के झारखंडी रेलवे स्टेशन से बढ़नी तक की रेल सेवा ठप हुई थी। हालांकि बलरामपुर रेलवे स्टेशन से गोंडा तक ट्रेनों का परिचालन होने से यात्रियों को थोड़ा राहत मिल रही थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।