यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 16, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अखिलेश के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ा, अगली सपा सरकार में मुख्यमंत्री
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि चुनाव में सपा बहुमत से सरकार बनाएगी और उसके मुख्यमंत्री भी अखिलेश यादव होंगे। वह उनके नाम का प्रस्ताव स्वयं करेंगे।

लखनऊ (जेएनएन)। समाजवादी कुनबे के घमासान के बीच आज दो मंत्रियों राजेंद्र चौधरी और शिवपाल यादव के बयान समाजवादी पार्टी को नैतिक बल देते नजर आए। शिवपाल बोले सपा के बहुमत में आने पर अखिलेश यादव ही मुख्यमंत्री होंगे और चौधरी कहने लगे कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव राजनीति को माफिया से मुक्त करने में लगे हैं। दोनों ही बातें घमासान में शांति के संकेत देने लगीं हैं। उलेलखनीय है कि आज गांजीपुर-बलिया में सपा के जिस सम्मेलन में शिवपाल अखिलेश को ही सीएम प्रोजेक्ट करने की बात कर रहे थे।
पढ़ें- सपा के प्रदेश संगठन में चुन-चुनकर किनारे लग रहे अखिलेश समर्थक
राजनीति को माफिया से मुक्त कर रहे अखिलेश
कभी आवाज समझे जाने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री राजेंद्र चौधरी ने कहा है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव राजनीति को माफिया से मुक्त करने में लगे हैं। उनके प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। उनके स्वागत में वहां आकाश तक जिंदाबाद की गूंज होती है। चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव ने परिश्रम कर भारतीय राजनीति के शून्य को न सिर्फ भरा है बल्कि वह लोहिया की वैचारिक विरासत का नेतृत्व भी कर रहे हैं। उनके कारण माफिया से मुक्त राजनीति का आग्रह बना है। नैतिकता के पक्ष को बल मिला है। चौधरी ने दावा किया कि विकास की गारंटी अखिलेश यादव ही हो सकते हैं क्योंकि उन्होंने अब तक कहीं अपने आदर्शों से समझौता नहीं किया है।
पढ़ें- सपा घमासानः विधायक तय करेंगे सपा का अगला मुख्यमंत्री
सपा में कोई भीतरी विवाद नहीं
गाजीपुर-बलिया में सपा प्रदेश अध्यक्ष शिव पाल सिंह यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सपा बहुमत से सरकार बनाएगी और उस सरकार के मुख्यमंत्री भी अखिलेश यादव होंगे। सीएम पद के लिए अखिलेश के नाम का प्रस्ताव वह स्वयं करेंगे। गाजीपुर विधानसभा क्षेत्र फेफना में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे शिवपाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी के भीतर विवाद की बात राजनीतिक फायदे के लिए दूसरे लोग उड़ा रहे हैं पर इसका उन्हें कोई लाभ नहीं मिलेगा। अखिलेश सरकार ने अपने कार्यकाल में जितना कार्य किया है उतना कार्य शायद ही लोकतंत्र में चुनी गई किसी सरकार ने किया हो। दावा किया कि सूबे में पांच वर्ष में ६०५ पुल बनाए गए। यह आंकड़ा अब तक की सभी सरकारों द्वारा निर्मित पुलों की संख्या से ज्यादा हैं।
