यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 26, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से मासूम समेत चार की मौत

बलिया : जनपद में बीते चौबीस घटे के अंदर अलग-अलग स्थानों पर ठंड लगने से मासूम समेत चार की मौत हो गई। शहर के चित्तू पांडेय चौराहे के पास गुरुवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति मृत पाया गया। इसकी उम्र करीब 45 साल है। मृतक मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। इसी क्रम में जिला अस्पताल परिसर में भी एक व्यक्ति का शव मिला। इसकी भी शिनाख्त नहीं हो सकी।
रसड़ा प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र के टीकादेवरी ग्राम में बुधवार की रात ठंड लगने से ढ़ाई वर्षीय मासूम की मौत हो गई। पंकज खरवार की मासूम पुत्री गुड़िया ठंड लगने से अचानक बेहोश हो गई। उसे रसड़ा अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर लाए लेकिन कुछ ही समय बाद उसने दम तोड़ दिया।
सिकंदरपुर प्रतिनिधि के अनुसार समीप के गांगकिशोर निवासी 60 वर्षीय वृद्धा की ठंड लगने से मौत हो गई। लहसिया देवी पत्नी स्व.श्रीकिशुन वर्मा अपने खेत में काम कर रही थी कि ठंड के कारण कांपने लगी। परिवार वाले तत्काल लहसिया को घर लाकर ठंड से बचाव का उपाय कर रहे थे कि उसे उल्टी व दस्त होने लगी। इलाज हेतु डाक्टर के पास ले जाने की तैयारी हो रही थी कि उसने दम तोड़ दिया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
