यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 01, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हस्ताक्षर कर किया बाल श्रम का विरोध
बहराइच : बाल श्रम विरोध दिवस के मौके पर शनिवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरुकता कार्यक्रमों का

बहराइच : बाल श्रम विरोध दिवस के मौके पर शनिवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लोगों से बच्चों के अधिकारों का न छीनने, उन्हें शिक्षित करने, सुरक्षित माहौल देने की अपील की गई। चाइल्ड लाइन बहराइच ने देहात समाज कार्य संगठन के तत्वाधान में जिला अस्पताल व रोडवेज बस अड्डे पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। इसमें 400 लोगों ने हस्ताक्षर कर बाल श्रम की कुप्रथा का विरोध जताया।चाइल्ड लाइन के केंद्र समन्वयक सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि जिले के सभी बच्चों को एक सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में है। लोगों से अपील है कि अपने बच्चों से बचपन न छीने। बच्चे को शिक्षित करना ही माता पिता द्वारा बच्चे को दी गई सबसे बड़ी पूंजी है। ऐसे किसी प्रतिष्ठान से सहयोग न लें जहां बाल श्रम होता हो। चाइल्ड लाइन द्वारा पिछले वर्ष शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों बाल मजदूर के रूप में कार्यरत 53 बच्चों को चिन्हित कर सूची बाल कल्याण समिति बहराइच श्रम विभाग व डिप्टी लेबर कमिश्नर गोंडा को भेजी गई है। इस मौके पर शांति यादव, अरुण चौधरी, कौशल किशोर, देहात संस्था की अमरीकी वालंटियर एना वाधवानी मौजूद रहीं।
एकांकी से दिया बाल श्रम समाप्ति का संदेश
पयागपुर : शनिवार को निजी संस्था प्रथम के तत्वाधान में एकांकी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लोगों ने बाल श्रम प्रथा को समाप्त करने का संकल्प लिया।
बाल श्रम व बाल शोषण को रोकने के लिए प्रयासरत निजी संस्था चाइल्ड लाइन व प्रथम की ओर से कोट बाजार स्थित सरस्वती विवेक मंदिर कटहरी बा़ग में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ मंत्री गोपाल शुक्ला मुख्य अतिथि रहे। शुरूआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद एकांकी के माध्यम से बाल श्रम के कुप्रभाव व बाल श्रम विरोधी कानूनों की जानकारी दी गयी। समारोह संस्था की स्टेट कोर्डिनेटर क्रांति यादव ने अभिभावकों व बच्चों को शिक्षा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस मौके पर त्रिलोकी नाथ यादव, उपासना श्रीवास्तव, राकेश चौबे, शिवनाथ मिश्रा व रेखा तिवारी सहित सभी समन्वयक, बच्चे व अभिभावक उपस्थित थे।
