यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चपटा गांव में बीमारी से 41 पशुओं की मौत

मुरादगंज (औरैया) संवादसूत्र : अजीतमल ब्लाक के गांव चपटा में पशुओं में बीमारी फैलने के कारण 41 पशुओं की मौत हो चुकी हैं। जबकि दर्जनों पशु बीमार हैं। बीमारी फैलने की सूचना ग्रामप्रधान द्वारा अजीतमल पशु चिकित्सालय में भी दी गई, लेकिन अभी तक डाक्टर गांव में नहीं पहुंचे हैं जिसका परिणाम है कि ग्रामीण झोला छाप डाक्टरों से इलाज कराने के लिए मजबूर हैं।
विभाग द्वारा बरसात से पूर्व ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान चलाया जाता है, लेकिन इस बार ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण नहीं चला है। जिसका परिणाम है कि पिछले 15 दिनों से पशुओं में मुंहपका, खुरपका व बुखार आदि की बीमारी फैल रही है। अभी तक 36 बकरी व बकरों की मौत हो चुकी है। वहीं वीरेन्द्र, केशव दयाल, रामदास, श्रीराम की एक -एक भैंस मर चुकी है। तीन चार दिन से बीमारी और विकराल हो गई है। जिसका परिणाम है कि एक दर्जन से ज्यादा बीमार हैं। ग्रामप्रधान अवध बिहारी ने बताया कि अजीतमल अस्पताल को इसकी सूचना भी दी गई। वहां मौजूद स्टाफ ने बताया कि डाक्टर बीमार चल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार तो अस्पताल में ताला पड़ा हुआ मिला। गांव के बालेश्वर दयाल, शफीक खां, सलीम खां, राम चरन, शहजाद खां, नीलू, रघुराज सिंह, सादिक आदि लोगों के जानवरों की मौत हो चुकी है।
