विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 18, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बारिश-ठंड बने काल,दो बच्चों संग चार की मौत

By Edited By:
Published: Sat, 18 Jan 2014 01:07 AM (IST)Updated: Sat, 18 Jan 2014 01:09 AM (IST)

News Article Hero Image

औरैया, जागरण संवाददाता : शुक्रवार को हुई बारिश और बढ़ी ठंड लोगों के लिए काल बनकर आई। आकाशीय बिजली गिरने से मकान ढह गया जबकि तीन लोगों की मौत हो गई। आधा दर्जन लोग दबकर जख्मी हो गए। इधर एक बुजुर्ग की भी ठंड की व जह से मौत हो गई।

आकाशीय बिजली गिरने से मकान ढहा, दो मासूमों की मौत

बिधूना (औरैया) संवाद सहयोगी : क्षेत्र के गांव रामपुर चपौरा में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान की दीवार ढह गई, मलबे में दबने से दो मासूमों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत कार्य शुरू कराया। घर में गोद भराई का कार्यक्रम था, जिस किशोरी की गोद भराई थी उसे भी चोटें आई हैं।

गांव निवासी कालिका प्रसाद की बेटी अरना की गोद भराई का कार्यक्रम चल रहा था। कौड़िया औरैया से पहुंचे वर पक्ष के लोग गोद भराई के बाद वापस जा चुके थे, जबकि रिश्तेदार व परिजन भोजन कर रहे थे। इसी दौरान जोरदार बारिश होने लगी और अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली कच्चे मकान पर गिरी। मकान की एक दीवार पूरी तरह ढह गई जबकि छत का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। मलबा गिरने से घर में मौजूद कई लोग उसमें दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन -फानन घायलों को बाहर निकाला और उन्हें स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने गांव निवासी अजय की छह वर्षीय पुत्री जयंती व मिथुन के पांच वर्षीय पुत्र पुनिया को देखते ही मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायलावस्था में अरना, आकांक्षा (6) जय देवी (60), गुड्डी (40), श्यामा (25) व शांती (26) को भर्ती किया गया है। इधर हादसे की सूचना पर उपजिलाधिकारी घनश्याम त्रिपाठी समेत प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की देखरेख में बचाव कार्य शुरू किया गया। खबर लिखे जाने तक बचाव कर्मी व ग्रामीण मलबा हटाने में जुटे थे।

बिजली गिरने से किशोर की मौत

कंचौसी(औरैया), संवादसूत्र : ग्राम मुबारकपुर में खेत पर आकाशीय बिजली गिर गई जिसकी चपेट में आकर किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

ग्राम मुबारकपुर निवासी रामकुमार दीक्षित का 15 वर्षीय पुत्र विकास दीक्षित दोपहर करीब ढाई बजे खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान बारिश के चलते आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आकर विकास गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। विकास अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था व मानस इंटर कालेज में 11वीं कक्षा का छात्र भी था। बेटे की मौत पर माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।

ट्रांसफार्मर पर गिरी बिजली : औरैया में कानपुर रोड पर एक 60 केवीए के ट्रांसफार्मर पर अचानक दोपहर के वक्त आकाशीय बिजली गिर गई। इससे आसपास के भवन के इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

इनसेट

ठंड से वृद्ध की मौत

बाबरपुर : अजीतमल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पैगूपुर निवासी नरसी भगत बीते दिन खेत पर पानी लगाकर घर आए थे। उसी दरम्यान उन्हें सर्दी लग गई और वह बीमार पड़ गए। शनिवार को उनकी मौत हो गई।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर