यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
छेड़छाड़ के बाद दो संप्रदायों में बवाल

अमरोहा। धार्मिक स्थल की तरफ जा रही युवती के साथ छेड़छाड़ के बाद दो संप्रदायों के लोगों में मारपीट व पथराव की घटना में छह लोग घायल हो गए। सांप्रदायिक तनाव की सूचना पर एएसपी ने सीओ व थाना पुलिस के साथ गांव में डेरा डाल दिया। घायलों का उपचार सरकारी अस्पताल में कराया गया। शाम तक घटना का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।
घटना देहात थाना क्षेत्र के गांव तेलीपुरा की है। सोमवार सुबह लगभग सात बजे इस गांव की युवती धार्मिक स्थल की तरफ जा रही थी। आरोप है कि दूसरे संप्रदाय के युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती ने घर जाकर परिजनों को बताया तो उन्होंने छेड़छाड़ करने वाले युवकों की पिटाई कर दी। बस फिर क्या था, दोनों संप्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए तथा उनके बीच मारपीट होने लगी। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया।
इससे गांव में खलबली मच गई। फौजदारी की इस घटना में शिवानी, अशोक, सुभाष, शब्बो, शानू व परवेज घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार सरकारी अस्पताल में कराया गया है। घटना के बाद गांव में सांप्रदायिक तनाव बन गया। सूचना पाकर एएसपी शकील अहमद खां, सीओ डा. केजी यादव व एसओ डीसी शर्मा मय फोर्स के गांव में पहुंच गए। क्यूआरटी भी तैनात कर दी गई। थोड़ी ही देर में गांव को छावनी बना दिया गया। शाम तक इस घटना का मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था तथा गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
----
कई गांवों में फैला आक्रोश
अमरोहा : कुछ दिन पहले गांव से जुड़ी एक शिक्षामित्र का अपहरण कर लिया गया। उसकी आज तक बरामदगी नहीं हुई। दूसरे संप्रदाय के युवक पर उसके अपहरण का आरोप है। इस मामले ने काफी तूल पकड़ा था। थानेदार तक को हटा दिया गया। इसके बावजूद गांव का तनाव कम नहीं हुआ। दोनों पक्ष आमने-सामने हैं। पीड़ित पक्ष में पुलिस के प्रति आक्रोश है। वहीं कुछ लोग इसे चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इसी के चलते जनप्रतिनिधियों ने दखल दिया है लेकिन मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। पीड़ित पक्ष के समर्थन में क्षेत्र के कई गांवों में आक्रोश है।
