यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डीबी भोसले ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में ली शपथ
इलाहाबाद हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश दिलीप बाबासाहेब भोसले आज पदभार संभालेंगे। राज्यपाल रामनाईक मुख्य न्यायाधीश कक्ष में पूर्वाह्न दस बजे उन्हें पद की शपथ दिलाएंगे।

इलाहाबाद (जेएनएन)। इलाहाबाद हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश दिलीप बाबासाहब भोसले ने शनिवार को शपथ ली। शपथ राज्यपाल राम नाईक ने दिलाई। इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश की मां भी सपरिवार हाईकोर्ट आयी थीं। कोलकाता के वरिष्ठ न्यायमूर्ति राकेश तिवारी, कर्नाटक के मुख्य न्यायाधीश विनीत सरन भी पहुंचे थे। समारोह का शुभारंभ महानिबंधक डीके सिंह ने किया।
उत्तर प्रदेश के अन्य समाचार पढऩे के लिए यहां क्लिक करें
बॉम्बे हाईकोर्ट से शुरू हुआ सफर
नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश भोसले का जन्म 24 अक्टूबर 1956 को महाराष्ट्र के सतारा जिले में हुआ। शिक्षा दीक्षा मुंबई में हुई। 1980 में बॉम्बे हाई कोर्ट से वकालत शुरू की। 20 वर्ष की वकालत के दौरान 1985 में वह बार कौंसिल ऑफ महाराष्ट्र व गोवा के सदस्य चुने गए। तीन बार महाराष्ट्र बार कौंसिल का नेतृत्व किया। बार कौंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य भी बने। जस्टिस भोसले के पिता बाबा साहब भोसले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे हैं। 22 जनवरी 2001 में यह बॉम्बे हाई कोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त किए गए। इन्हें कर्नाटक हाईकोर्ट के बाद आंध्र प्रदेश, तेलंगाना हाईकोर्ट हैदराबाद में न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 28 जुलाई 2016 को राष्ट्रपति ने भोसले को इलाहाबाद हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया।
काशी विश्वनाथ मंदिर में टेका माथा
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डीबी भोसले ने पद संभालने से पहले कल काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया। वह सपत्नीक दर्शन करने पहुंचे थे पंडित श्रीकांत शर्मा ने षोडशोपचार विधि से पूजन कराया। वह बाबा दरबार में करीब एक घंटा रहे। इसके बाद उन्होंने भैरोनाथ मंदिर में दर्शन किया।