यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
धनसारी में ठंड से वृद्ध की मौत

अलीगढ़ : क्षेत्र के ग्राम धनसारी में एक वृद्ध की ठंड से मौत हो गई। यह वृद्ध कस्बा में सब्जी बेचकर परिवार का पालन पोषण करता था।
ग्राम धनसारी निवासी 55 वर्षीय कल्लू कस्बा में सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। पिछले दो दिन से पड़ रही बारिश के चलते कड़ाके की ठंड से परेशान हो गए थे। परिजनों ने बताया कि सोमवार की शाम कल्लू कस्बा की पैंठ में सब्जी बेचकर कंपकंपी मारते हुए घर आ गए। घर पर आकर कल्लू ने खाने का एक निवाला ही खाया था कि अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। आनन फानन परिजन उन्हें कस्बा के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां से डाक्टर ने उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। ठंड से हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
गरीब परिवार को दी आर्थिक सहायता
बरला : क्षेत्र के गांव पहाड़ीपुर में ठंड से मरे युवक के परिवार को समाजसेवी ने आर्थिक सहायता दी साथ ही उसके सात बच्चों में एक बच्चे को गोद लेकर उसकी परवरिश का जिम्मा भी लिया है।
विदित रहे कि गांव पहाड़ीपुर का राजेंद्र सिंह गरीबी की हालत में अपने परिवार की गुजर बसर कर रहा था। उसके घर का हाल यह था कि कई दिनों से खाना भी नहीं बना था। रविवार की रात कड़ाके की ठंड के चलते उसकी मौत हो गई थी, जिसके शव का गांव के लोगों ने चंदा करके अंतिम संस्कार किया था। मंगलवार को गांव के ही एक समाजसेवी अमरपाल सिंह यादव ने उसके सात बच्चों में से एक बच्चे को गोद लेते हुए उसकी परवरिश करने की बात कही। समाजसेवी ने उसके परिवार को आर्थिक मदद भी दी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
