यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोहम्मदपुर में जातीय संघर्ष, पथराव और फायरिंग क्राइम

जागरण संवाददाता, आगरा: सिकंदरा के मोहम्मदपुर गांव में रविवार रात बच्चों के बीच हुए झगड़े ने जातीय संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों ओर से जमकर पथराव और फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। अधिकारियों ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंच किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। संघर्ष में दो लोग घायल हो गए।
घटना रात लगभग दस बजे की है, मोहम्मदपुर गांव में कुछ बच्चे घरों के सामने खेल रहे थे। इसी दौरान कहासुनी के बाद उनमें झगड़ा होने लगा। जानकारी होने पर दोनों पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। झगड़े के लिए एक-दूसरे के बच्चों को जिम्मेदार ठहराने लगे। विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। देखते ही देखते झगड़े ने जातीय संघर्ष का रूप ले लिया, जाट और जाटव समाज के लोगों में जमकर पथराव हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान फायरिंग भी हुई। दहशत के चलते लोग घरों में दुबक गए, दुकान बंद करके घर भागते दुकानदार पंकज गोयल और दीनदयाल घायल हो गए। संघर्ष की जानकारी पर एसपी सिटी समीर सौरभ फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए, स्थिति को किसी तरह नियंत्रण में किया। एसपी सिटी के मुताबिक पथराव में तुर्री नामक युवक और उसके साथियों का नाम सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। तनाव के मद्देनजर फोर्स तैनात कर दिया है।
दो साल पहले भी हो चुका है संघर्ष मोहम्मदपुर में करीब दो साल पहले भी जातीय संघर्ष हो चुका है। उस समय महिला द्वारा बच्चे को नाली में शौच कराने को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद पथराव और घरों में तोड़फोड़ कर कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक लोगों को पाबंद किया था।