विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

धार्मिक स्थल में युवकों के घुसने पर तनाव

By Edited By:
Published: Sat, 14 Sep 2013 11:57 PM (IST)Updated: Sat, 14 Sep 2013 11:58 PM (IST)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, आगरा: बल्केश्वर स्थित धार्मिक स्थल में दूसरे समुदाय के युवकों के घुसने से क्षेत्र में तनाव फैल गया। दोनों पक्षों में टकराव के हालात बन गए। बवाल की आशंका के चलते भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। उसके बाद लोगों को समझाकर शांत कराया। देर रात तक तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

बल्केश्वर में महादेव मंदिर रोड पर कृष्णानंद महाराज का आश्रम है। यहां फतेहाबाद रोड निवासी लाल सिंह दो साल से सेवादार हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे बस्ती के दूसरे समुदाय के पांच-छह युवक आश्रम में सीढि़यों से कूदकर आ गए और कृष्णानंद महाराज से आश्रम की चाभी मांगने लगे। लाल सिंह ने बताया कि इसका उन्होंने विरोध किया, तो युवकों ने उनके साथ मारपीट कर दी। शोर मचाने पर सामने की बस्ती के लोग आश्रम में पहुंच गए। दूसरे पक्ष के लोग भी हाथों में सरिया लेकर आ गए, लेकिन इधर के लोगों की संख्या अधिक देखकर वापस हो गए। बवाल की आशंका के चलते पुलिस फोर्स के साथ सीओ हरीपर्वत समीर सौरभ और इंस्पेक्टर न्यू आगरा नरेशचंद्र शर्मा पहुंच गए। दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।

सेवादार लाल सिंह का आरोप था कि युवक आश्रम में रखे सोने-चांदी के आभूषण लूटकर ले जाना चाहते थे। दूसरे पक्ष ने भी कुछ युवकों पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने बस्ती के एक युवक का मेडिकल कराया है। सीओ का कहना था कि कोई चोर बस्ती और मंदिर दोनों जगह घुसा था। इससे दोनों पक्षों को भ्रम हो गया। एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।