यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 29, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कुर्सी पर हाथ से फिसली राइफल, गोली चलने से हेड कांस्टेबल की मौत
हेड कांस्टेबल थाने में मुंशी के तौर पर पदस्थ है। वह रात में ड्यूटी करता है। गत रात्रि में जब ...और पढ़ें

जेएनएन, संगरूर। स्थानीय थाना सिटी संगरूर में रात के समय मुंशी के तौर पर तैनात हेड कांस्टेबल की राइफल नीचे गिरने के बाद गोली चलने से उसकी ही मौत हो गई। मुंशी को तुरंत पुलिस मुलाजिम सिविल अस्पताल में लेकर पहुंचे, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने तुरंत मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। शुक्रवार को मृतक पुलिस मुलाजिम का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के मुताबिक रणजीत सिंह हेड कांस्टेबल निवासी रामगढ़ भुंदड़ जिला बठिंडा पुलिस स्टेशन सिटी संगरूर में रात के मुंशी के तौर पर तैनात था। वीरवार रात्रि भी वह रोजाना की भांति जब ड्यूटी पर पहुंचा था। रात करीब पौने 11 बजे जब वह अपनी कुर्सी से कहीं जाने के लिए उठा तो उसके हाथ में पलटी उसकी सर्विस राइफल हाथ से फिसल कर जमीन पर जा गिरी। इसके जमीन पर गिरते ही राइफल से चली गोली रणजीत सिंह के सीने में जा लगी। इसके बाद गंभीर रूप से घायल हुए रणजीत सिंह को पुलिस मुलाजिम तुरंत सिविल अस्पताल संगरूर लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरोंं ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: बेअंत सिंह के पोते को डीएसपी बनाने पर घिरी कैप्टन अमरिंदर सरकार
शुक्रवार सुबह डा. इंद्रजीत सिंगला, डा. हरबंस सिंह, डा. दिनेश कुमार पर आधारित बोर्ड ने मृतक रणजीत सिंह का पोस्टमार्टम किया। मृतक रणजीत सिंह के पिता मेजर सिंह ने बताया कि रणजीत सिंह अपने पीछे अपनी पत्नी व एक लड़के को छोड़ गया है। थाना सिटी संगरूर के एसएचअो दीपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
गौरतलब है कि गत माह भी थाना सिटी संगरूर में एक पीसीअार मुलाजिम की थाने के शौचालय में पैर फिसलने से गिरी राइफल से गोली लगने पर मौत हो गई थी। वीरवार रात्रि में दूसरी बार थाने में किसी पुलिस मुलाजिम की मौत हुई है।
