विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 21, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जल संरक्षण: छप्पड़ का दाग मिटाकर बनाई खूबसूरत झील

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Tue, 21 Mar 2017 05:33 PM (IST)Updated: Tue, 21 Mar 2017 05:43 PM (IST)

श्री मुक्तसर साहिब जिले के गांव सक्कांवाली की ग्रामीण पंचायत ने तालाब को झील का रूप दे दिया। अब यह झील पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

जल संरक्षण: छप्पड़ का दाग मिटाकर बनाई खूबसूरत झील
जल संरक्षण: छप्पड़ का दाग मिटाकर बनाई खूबसूरत झील

श्री मुक्तसर साहिब [सुभाष चंद्र]। पंजाब के अधिकतर ग्रामीण जहां तालाब (छप्पड) के गंदे पानी से परेशान हैं, वहीं श्री मुक्तसर साहिब जिले के गांव सक्कांवाली की ग्रामीण पंचायत ने तालाब को पर्यटन स्थल बनाने का कारनामा कर दिखाया है। गांव का तालाब विकसित होकर सागर सिंह संधू लेक (झील ) बन गया। जहां यहां पर इस गांव के लोग सुबह शाम सैर करते हैं, वहीं दूर दराज से लोग उसे देखने के लिए भी पहुंच रहे हैं।

छप्पड़ से झील बने इस स्थान को अब तक मुक्तसर के विभिन्न उपायुक्तों के अलावा बठिंडा के पूर्व डीसी बसंत गर्ग, पटियाला के डीसी रामवीर सिंह, फाजिल्का की डीसी ईशा कालिया, राज्य के कई मंत्रियों से लेकर उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल व मुख्यंत्री प्रकाश सिंह बादल, प्रदेश के विभिन्न विभागों के सचिवों के अलावा आंध्र प्रदेश के प्रमुख सचिव भी दौरा करके इसे देख चुके हैं। राज्य भर से अनेक गांवों के सरपंच भी अपने गांवों में भी ऐसा काम करने की प्रेरणा लेने के लिए पहुंच रहे हैं।

गांव सक्कांवाली के छप्पड़ की तस्वीर जहां खूबसूरत झील का निर्माण किया गया है।

2015 में शुरू किया था नवीनीकरण का काम

गांव के युवा नेता एवं कार्यकारी सरपंच चरनजीत सिंह संधू बताते हैं कि पिता जी की बीमारी के चलते उसे बीए की पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। आगे पढ़ नहीं सका तो ख्याल आया कि गांव में ही सरपंच बनकर कुछ करके दिखाना है। वह 2008 में गांव के सरपंच बने। इसके बाद गांव के तालाब तो विकसित करने का ख्याल आने लगा। वर्ष 2014 के अंत में गांव मान सिंह वाला में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का संगत दर्शन कार्यक्रम हुआ तो उनसे 21 लाख रुपये की ग्रांट हासिल की।

इसके बाद दस लाख रुपये की ग्रांट और हासिल की। ग्रांट से पौने तीन एकड़ जगह में फैले गंदे छप्पड़ की पहले चारदिवारी करवाई और उसके बाद सैर करने के लिए फुटपाथ बनवाया। विशेषज्ञ से लैंडस्कैप बनवाकर इसमें खूबसूरत लाइट एवं पौधे लगाए गए। तालाब के बीच से एक रास्ता बनाया और वहां लोगों के बैठने के लिए एक झौंपड़ी का निर्माण किया। तालाब के बीच एक पुराना कुंआ था। जिसका नवनिर्माण करवाया गया। गंदे पानी की निकासी का प्रबंध कर साफ पानी छोडऩे का प्रबंध किया।

कुछ समय बाद इसमें किश्तियां चलाई गईं। जिसका उद्घाटन तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने किया। छप्पड़ का नवीनीकरण देखकर सुखबीर ने गांव के समूचे विकास के लिए ढाई करोड़ रुपये की ग्रांट भी जारी की। इसके बाद तालाब में मछलिया भी छोड़ी गईं। अकेले इस तालाब के नवीनीकरण पर 35 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च हो चुकी है। इसके अलावा इस तालाब के साथ ही अलग से पार्क , गेस्ट हाउस तथा जिम घर का निर्माण भी किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।