यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कैप्टन अमरिंदर के विवादित बोल- घुग्गी धर्म विरोधी, जमकर पिटाई करो
पंजाब कांग्रेस के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 'आप' का पंजाब कन्वीनर ...और पढ़ें

जेएनएन, लुधियाना। पंजाब कांग्रेस के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आम आदमी पार्टी के पंजाब कन्वीनर गुरप्रीत सिंह घुग्गी के बारे में विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, घुग्गी धर्म विरोधी है आैर उसकी जमकर पिटाई की जानी चाहिए। घुग्गी द्वारा 'आप' नेताओं की तुलना श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज और पांच प्यारों से करने पर तीखी प्रतिक्रया जताई।उन्होंने कहा कि यह धर्म विरोधी कृत्य है।
जिले के मंडी अहमदगढ़ के छपार मेले में आयोजित सियासी कांफ्रेंस में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 'आप' के प्रदेश कन्वीनर गुरप्रीत सिंह घुग्गी ने 'आप' नेताओं की तुलना श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज और पांच प्यारों से करने सिख धर्म की मर्यादा के विरूद्ध आचरण किया है। इससे पता चलता है कि घुग्गी धर्म विरोधी है और जनता को उसकी जमकर पिटाई करनी चाहिए।
पढ़ें : सिद्धू व 'आप' के बागी सांसदों के साथ मिलकर नई पार्टी बनाएंगे छोटेपुर
उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होेंने कहा, 'केजरीवाल जिस भी सीट पर विधानसभा चुनाव में उतरेंगे, मैं उनके खिलाफ लडूंगा। केजरीवाल की दिल्ली सरकार बुरी तरह फेल हो गई है। पंजाब के लोगों को भी पता चल गया है कि केजरीवाल के नेता भ्रष्ट व अश्लीलता फैलाते हैं।'
कैप्टन ने शिअद पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस मोटर साइकिल पर सरकार ने करोड़ों का धान ढोया है, उसी मोटरसाइकिल पर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को बिठा कर पंजाब से बाहर भेज देंगे।
पढ़ें : नवजोत सिंह सिद्धू ने किया नए मोर्चे का एलान, कहा- अब पंजाबियत जीतेगी
झूठे मामले बनाने वालों पर करेंगे कार्रवाई
अमरिंदर ने कहा कि शिअद के कुछ नेता पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर झूठे मामले दर्ज करने में जुटे हुए हैं। उनकी सरकार बनते ही ऐसे नेता व पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। पंजाब सरकार की शह पर 52 के करीब खतरनाक गैंग पंजाब में घूम रहे हैं।
कहा, चंडीेगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह रखा जाए
चंडीगढ़ एयरपोर्ट के नाम को लेकर पंजाब एवं हरियाणा के बीच विवाद पर उन्होेंने कहा कि इसका नामकरण शहीद भगत सिंह के नाम पर होना चाहिए। बादल पर निशाना साधते हुए कहा की उम्र इतनी ज्यादा हो गई है कि फिर भी भ्रष्टाचार फैलाने से बाज नहीं आ रहे।
मच्छरों से डरकर दिल्ली छोड़ भागे आप मंत्री
कैप्टन ने कहा मच्छरों से डरकर 'आप' नेता व मंत्री दिल्ली से भाग गए हैं। दिल्ली के अस्पताल में मरीजों के उपचार का प्रबंध नहीं है। इस कारण कभी लोग डेंगू तो कभी चिकनगुनिया के चपेट में आ रहे हैं।
मोटरसाइकिल पर आए जाखड़ व रवनीत बिट्टू
छपार मेले में विधानसभा के विरोधी दल के पूर्व नेता सुनील जाखड़ और सांसद रवनीत सिंह बिट्टू मोटरसाइकिल पर रैली स्थल पर पहुंचे। जाखड़ ने कहा कि सरकार ने गोदामों से 27 हजार करोड़ रुपये के चावल का घोटाला किया है। सरकार ने जिन वाहनों पर इन करोड़ों के चावलों की ढुलाई की है, उनके नंबर मोटर साइकिल या अन्य छोटे वाहनों के हैं।
'आप' और शिअद पर आशा व भट्ठल ने साधा निशाना
पंजाब कांग्रेस कमेटी की प्रभारी आशा कुमारी और पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल ने 'आप' और शिअद पर निशाना साधा। आशा कुमारी ने कहा कि शिअद एक माफिया की सरकार है, जिन्होंने पंजाब में कई माफिया बना रखे हैं। इनमें रेत माफिया और नशा माफिया आदि अहम है।
