Move to Jagran APP

नवजोत सिंह सिद्धू ने किया नए मोर्चे का एलान, कहा- अब पंजाबियत जीतेगी

नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने नए मोर्चे का आज यहां एलान कर दिया। उन्‍होंने कहा कि हम पंजाबियत की राजनीति करेंगे। इस माैके पर उन्‍होंने कांगेस व शिअद के संग केजरीवाल पर भी हमले किए।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Thu, 08 Sep 2016 03:16 PM (IST)Updated: Fri, 09 Sep 2016 09:18 AM (IST)
नवजोत सिंह सिद्धू ने किया नए मोर्चे का एलान, कहा- अब पंजाबियत जीतेगी

चंडीगढ़, [वेब डेस्क]। भाजपा के पूर्व सांसद और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने वीरवार को अपने नए माेर्चे का एलान कर दिया। मोर्चे का नाम आवाज-ए-पंजाब होगा। इस मौके में सिद्धू ने कहा कि यह पंजाबियत की राजनीति की शुरुआत है। हम इस राजनीति को लेकर आए हैं। मैंने 12 साल साफ-सुथरी राजनीति की है, आगे ऐसी ही राजनीति कर धंधा तंत्र को ध्वस्त करूंगा।

loksabha election banner

यहां प्रेस क्लब में सिद्धू ने कांग्रेस और अकाली दल पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उनके साथ भारतीय हाॅकी टीम के पूर्व कप्तान व विधायक परगट सिंह और लुधियाना जिले से विधायक बैंस बंधु सिमरजीत सिंह बैंस व बलविंदर सिंह बैंस भी मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि आज लोगों की नजर में पंजाब की सरकार एक परिवार की सरकार बनकर रह गई है। अब लोगों ने ठान लिया है कि वह पंजाबियत को जिताएंगे। अब की बार 'हर बेचारा और पंजाबियत' जीतेगा। सिद्धू ने कहा कि पंजाब हरित क्रांति लाया, लेकिन अब यहां नशे की 'क्रांति' ने तबाही मचा कर रख दी है। इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों को दोषी ठहराया।

कहा, एक अच्छा बंदा 100 बुरे लोगों से बेहतर

उन्होंने कहा कि वह 12 साल से राजनीति में हैं। उन्होंने हमेशा साफ- सुथरी राजनीति की है। कोई उन पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता है। उन्होंने कहा कि एक अच्छा बंदा 100 बुरे लोगों से बेहतर है। वह चाहते हैं हर अच्छा बंदा आगे आए और उनसे जुड़े। यह माेर्चा पंजाब अौर पंजाबियत का बेहतर चाहने वालों का है।

उन्होंने कहा कि आज पंजाब पर दो लाख करोड़ का कर्ज है। गेस्ट हाउस गिरवी रखे जा रहे हैं। नेताओं की नीयत और नीति ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी अच्छी या बुरी नहीं होती। लोग अच्छे या बुरे होते हैं। सिद्धू ने कहा कि पंजाब के लोगों ने कैप्टन अमरिंदर का पांच साल का राज भी देखा और पिछले 10 साल में धंधे का तंत्र भी देख लिया। अब वे पंजाबियत की राजनीति देखेंगे।

भारतीय राजनीति में अच्छे लोगों को शोपीस बनाया जाता है, मुझे भी बना दिया था

सिद्धू ने कहा कि यह भारतीय राजनीति की परंपरा है कि अच्छे लोगों को शोपीस की तरह रखा जाता है। ऐसे लोगों को सिर्फ चुनाव प्रचार तक ही सीमित रखा जाता है। मुझे भी रैलियों में इस्तेमाल किया गया। आवाज-ए-पंजाब लोगों की तमन्ना है। आज पंजाब को एक जिम्मेदार नेतृत्व की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि मैैं जब हामिद अंसारी साहब के पास राज्यसभा की सदस्यता से अपना त्याग पत्र लेकर गया तो वह मुझे देखने लगे। वह बोले मैैंने आज तक ऐसा नहीं देखा। सिद्धू ने कहा कि पंजाब के लोग कहते हैैं काले बादल छंटकर अब सूरज निकलना चाहिए।

पढ़ें : नवजोत सिंह सिद्धू बनाएंगे नई पार्टी, पंजाब में सामने आया नया समीकरण

केजरीवाल पर साधा निशाना, कहा- बैठक के बाद उनका ट्वीट आधा सच था

इस दौरान सिद्धू ने अाम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, केजरीवाल ने मेरे साथ बैठक को लेकर ट्वीट तो किया था, लेकिन यह आधा सच है। मैंने केजरीवाल को कहा कि वह मेरा रोल डिफाइन कर लें। इस पर केजरी ने कहा कि आप अपनी पत्नी डा. नवजोत कौर सिद्धू को चुनाव लड़वा देना। सिद्धू ने कहा कि केजरीवाल को लगता है कि सिर्फ वही ईमानदार हैं।

उन्होंने कहा, भगवंत मान व गुरप्रीत घुग्गी को मैंने दिल से लगाया। अगर केजरीवाल चाहते तो हमें एक कर सकते थे, लेकिन उन्होंने सभी को अलग-अलग कर दिया। उन्होंने कहा कि आप में बाहर के तीन लोग हैं, जो पंजाब के तीन करोड़ पंजाबियों को नहीं चला सकते।

अभी फोरम बनाया है, नई पाटीं के बारे में फैसला 15 दिनों में

सिद्धू ने कहा कि केजरीवाल केवल 'यस मैन' चाहते हैं। वह उसे ही अपने साथ रखना चाहते हैं जो उनकी हां में हां मिलाए। सिद्धू ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पार्टी का गठन नहीं किया है। यह एक फोरम है। 15 दिन में वह स्पष्ट कर देंगे कि नई पार्टी बनाएंगे या कोई और कदम उठाएंगे। वह लोगों के बीच जाएंगे। उसके बाद तय करेंगे कि क्या करना है।

भाजपा में होने या न होने के बारे में 15 दिनों में मिल जाएगा मेरा जवाब


एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, भाजपा हूं या नहीं इस बारे में भारतीय जनता पार्टी से पूछेें। 15 दिनों में मेरा भाजपा को लेकर जवाब स्प्ष्ट हाे जाएगा। उन्होंने कहा कि वि सिस्टम में नहीं रहेंगे तो फिर सिस्टम को दुरुस्त कर संवारेंगे कैसे। प्रचार तो 12 साल से कर रहा था। अब सिस्टम का हिस्सा बनने और उसे थामने का समय है।

मीडिया से बातचीत के दौरान सिद्धू का एक अंदाज।

परगट सिंह ने कहा, केजरीवाल बनना चाहते हैं पंजाब के सीएमइस अवसर पर परगट सिंह ने कहा कि केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं और इसी के उद्देश्य से वह सारा कुछ कर रहे हैं। वह इसके लिए बनाई गई अपनी रणनीति पर चल रहे हैं। विधायक बलविंदर सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब में अभी जंगलराज है। संत ढंढारीवाला पर हमला हुआ तो नहीं पकड़ गए। सीएम प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि वह इसकी जांच सीबीअाइ को सौंपेंगे। यह उनकी अपनी नाकमी छिपाने की कोश्ािश थी। इसी तरह सरकार कई मामलों में अपराधियों का पता लगाने में विफल रही।

गौरतलब है कि पिछले दिनों डा. नवजोत कौर और परगट सिंह ने पिछले दिनों फेसबुक पर पोस्ट डालकर नई पार्टी के गठन के संकेत दिए थे। इसके बाद नवजोत कौर सिद्धू ने कहा था कि नवजोत कौर सिद्धू 8 सितंबर को बड़ा खुलासा करेंगे। बताया जा रहा है कि सिद्धू अौर उनके साथी अपने मोर्चा को व्यापक रूप देने की तैयारी में हैं। मोर्चा कोे लेकर सिद्धू, परगट सिंह और बैंस बंधुओं की नई दिल्ली में पहले ही बैठक हो चुकी थी।

यह भी बताया जाता है कि सिद्धू के मोर्चा मेें अन्य दलों के असंतुष्ट नेता भी शामिल हाे सकते हैं। सबकी नजर आम आदमी पार्टी के पंजाब कन्वीनर के पद से हटाए गए सुच्चा सिंह छोटेपुर पर भी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि 'आप' के बागी नेता काफी संख्या में सिद्धू के मोर्चे का दामन थाम सकते हैं।

पढ़ें : सीएम कैंडिडेट बनाना तो दूर सिद्धू को विस चुनाव में टिकट भी नहीं देगी 'आप'


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.