विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 08, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नीतिश के रूप में इसरो में फाजिल्का की एंट्री

By Edited By:
Published: Mon, 08 Apr 2013 06:09 PM (IST)Updated: Tue, 09 Apr 2013 12:54 AM (IST)

News Article Hero Image

अमृत सचदेवा, फाजिल्का

इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गेनाइजेशन (इसरो) जहां काम करने का सपना हर वैज्ञानिक का होता है, लेकिन उसे साकार कोई कोई ही कर पाता है। फाजिल्का के युवा स्कॉलर नीतिश धवन ने अपनी योग्यता के बल पर इसरो में बतौर एक्सप्लोजन साइंटिस्ट ज्वाइन कर इस सरहदी शहर का मान बढ़ाया है। नीतिश की इस उपलब्धि पर पूरा शहर फख्र महसूस कर रहा है।

पंजाब नेशनल बैंक के कैशियर अनिल धवन व सरकारी अस्पताल की स्टाफ नर्स विमल धवन का होनहार पुत्र हमेशा अन्य युवाओं से अलग रहा। बचपन में उसके नाम अनेक उपलब्धियां दर्ज हैं। नीतिश ने सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल में दसवीं की परीक्षा में विज्ञान और गणित में सबसे अधिक अंक हासिल किए थे। बारहवीं में चंडीगढ़ के खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वह नॉन मेडिकल ग्रुप में शीर्ष पर रहा।

देश में 1318वां रैंक हासिल कर उसने देश के प्रतिष्ठित आइआइटी संस्थान रुड़की में प्रवेश पाया। कला के क्षेत्र में भी पूरा रुझान रहा है। नीतिश ने स्कूलिंग के दौरान लगातार दो साल बेस्ट निबंध लेखन पुरस्कार जीते और नाटकों में भी भाग लिया। विकलांगों के प्रति हमदर्दी में उसने रिमोट चालित व्हील चेयर तैयार की। कालेज शिक्षा के दौरान नीतिश ने रेडियो जॉकी की भूमिका निभाई और अपना एक शो पेश किया था। इसरो जैसे अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र के इस युवा साइंटिस्ट को गिटार बजाने, बैडमिंटन खेलने और स्वीमिंग का भी शौक है।

---------------

फाजिल्का हेरीटेज फेस्टिवल में मिलेगा यूथ आईकान अवार्ड

फाजिल्का: नीतिश की इसरो के एक्प्लोजन साइंटिस्ट के रूप में मिली उपलब्धि के लिए 18 अप्रैल से शुरू होने जा रहे फाजिल्का हेरीटेज फेस्टिवल में उसे यूथ आइकान अवार्ड प्रदान किया जाएगा। फेस्टिवल का आयोजन कर रही ग्रेजुएट्स वेलफेयर एसोसिएशन फाजिल्का के सचिव इंजीनियर नवदीप असीजा ने बताया कि नीतिश को उसके परिवार सहित युवाओं को समर्पित 21 अप्रैल की रात को सम्मानित किया जाएगा।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर