विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद निर्धारित समय के बाद भी जमकर चले पटाखे

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Fri, 20 Oct 2017 11:03 AM (IST)

हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद निर्धारित समय के बाद भी पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में जमकर पटाखे चले। जागरूकता ...और पढ़ें

हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद निर्धारित समय के बाद भी जमकर चले पटाखे
हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद निर्धारित समय के बाद भी जमकर चले पटाखे

जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में हाई कोर्ट द्वारा दीपावली के दिन पटाखे चलाने की समयसीमा तय करने के बावजूद लोगों ने निर्धारित समय के बाद भी जमकर पटाखे चलाए। तीनों राज्यों में दीपावली की रात प्रदूषण का स्तर कई गुना बढ़ गया। इसका असर शुक्रवार सुबह को भी देखने को मिला। जालंधर में तय समय के बाद पटाखे चलाने पर 33 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

चंडीगढ़ में हाई कोर्ट द्वारा पटाखे चलाने की तय की गई समय सीमा का कुछ हद तक असर देखने को मिला, लेकिन पंजाब व हरियाणा के अधिकांश जिलों में इसका ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। लोगों ने जमकर पटाखे चलाए। बता दें, हाई कोर्ट ने दीपावली के दिन शाम को साढ़े छह से साढ़े नौ तक पटाखे चलाने की समयसीमा तय की थी। इसके बावजूद लोगों ने साढ़े नौ के बाद भी जमकर पटाखे फोड़े।

चंड़ीगढ़ में निर्धारित समय के बाद पटाखे फोड़ने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस वैन घूमतीं रही, जैसे ही वैन नजदीक आती लोग पटाखे चलाने बंद कर देते, लेकिन वैन के जाने के बाद फिर से पटाखे चलाने लगते। हाई कोर्ट के आदेश का पालन करवाने के लिए पुलिस के खूब पसीने छूटे, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण लोगों पर इसका ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। 

संगरूर में एक मामला दर्ज

हाई कोर्ट की अोर से शाम साढ़े छह बजे से साढ़े नौ बजे तक पटाखे चलाने की अनुमति के आदेशों के बावजूद दीवाली की रात मध्य रात्रि तक पटाखे लगातार चलते रहे। जिला संगरूर में थाना सुनाम में निर्धारित समय के बाद पटाखे चलाने पर एक मामला दर्ज किया गया है।

पटाखों से लगी कार को आग, कबाड़ का सामान भी जला

श्री मुक्तसर साहिब की नारंग कालोनी की गली नंबर एक में सुधीर कुमार की स्विफ्ट कार पटाखों की भेंट चढ़ गई। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचती तब तक उसकी कार जलकर राख हो चुकी थी। वहीं, मलोट में वार्ड नंबर चार कैंप के पास भी पवन कुमार कबाड़ वाले की दुकान में पटाखे के कारण लगी आग से कबाड़ का सामान जलकर राख हो गया।

यह भी पढ़ेंः चरित्र पर था शक, बहन को दीवार पर पटका