यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
12 कैबिनेट मंत्रियों के साथ शपथ लेंगे कैप्टन, स्पीकर पर फंस रहा पेंच
पंजाब में कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने गए कैप्टन अमरिंदर सिंह 12 मंत्रियों के साथ 16 मार्च को शपथ लेंगे। वहीं, स्पीकर को लेकर अभी पेंच फंसा हुआ है।

जेएनएन, चंडीगढ़। कैप्टन अमरिंदर सिंह 16 मार्च को सुबह दस बजे 12 कैबिनेट मंत्रियों के साथ शपथ लेंगे। 6 बार चुनाव जीत चुके पटियाला देहाती के विधायक ब्रह्म मोहिंद्रा का नाम मंत्रिमंडल में सबसे आगे आ रहा है। वहीं, मनप्रीत बादल का वित्तमंत्री बनना तय है।
इनके अलावा राणा गुरजीत सिंह, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, साधु सिंह धर्मसोत, राकेश पांडे, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, ओपी सोनी, राणा केपी, अरुणा चौधरी का नाम भी चल रहा हैं। भले ही कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंत्री बनने के लिए तीन बार विजेता होने का मानक तय किया है, लेकिन राहुल कोटे से आने वाले मंत्रियों के मामले में इस नियम को लचीला बनाया जाना तय है।
माना जा रहा है कि राहुल कोटे से दूसरी बार चुनाव जीते यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग, संगरूर से विजय इंदर सिंगला और पहली बार चुनाव जीत कर आए अमित विज का मंत्री बनना तय है। वहीं, नवजोत सिंह सिद्धू उप मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन इस पर अंतिम मोहर राहुल गांधी की ही लगेगी। हालांकि कैबिनेट मंत्रियों की लिस्ट पर अंतिम निर्णय राहुल गांधी को लेना हैं। कैप्टन आज दिल्ली में राहुल गांधी से मिलेंगे। इसके बाद ही कैबिनेट मंत्रियों की स्थिति स्पष्ट होगी।
विधानसभा का स्पीकर कौन हो इसे लेकर पेंच फंसा है। विधानसभा में सबसे सीनियर विधायक ब्रह्म मोहिंद्रा हैं, उन्हें कैबिनेट में स्थान मिल सकता है। उनके बाद सबसे महत्वपूर्ण नाम डॉ. राजकुमार वेरका का है जो कैप्टन के करीबी भी हैं और भरोसेमंद भी। वेरका के स्पीकर बनने से अमृतसर में तीन मंत्री बनाने की टेंशन भी कैप्टन सरकार को नहीं रहेगी। कांग्रेस ने वीआइपी कल्चर खत्म करने का वायदा चुनाव से पूर्व किया था। यही कारण हैं कि कैप्टन अमरिंदर सिंह अपना शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में करेंगे।