Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यमन के राष्‍ट्रपति सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंचे

    By Tilak RajEdited By:
    Updated: Fri, 27 Mar 2015 11:17 AM (IST)

    यमन के राष्ट्रपति अब्द राबुह मंसूर हादी बुधवार को अदन स्थित राष्ट्रपति आवास को छोड़कर अज्ञात स्थान पर चले गए थे। अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति अब्द राब्बुह मंसूर हादी सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंच गए हैं। यमन में शिया हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के नेतृत्व में

    नई दिल्ली। यमन के राष्ट्रपति अब्द राबुह मंसूर हादी बुधवार को अदन स्थित राष्ट्रपति आवास को छोड़कर अज्ञात स्थान पर चले गए थे। अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति अब्द राब्बुह मंसूर हादी सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंच गए हैं। यमन में शिया हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के नेतृत्व में संगठित सेना के बीच युद्ध चल रहा है। सऊदी अरब ने बुधवार को यमन में शिया हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर हवाई हमले शुरू कर दिए थे। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति शनिवार को अरब लीग की बैठक में भाग लेने के लिए मिस्र जाएंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गौरतलब है कि यह पहला आधिकारिक स्पष्टीकरण है कि बुधवार के बाद से यमन के राष्ट्रपति कहां हैं। बुधवार को वह विद्रोही बलों की बढ़त को देखते हुए अदन शहर से चले गए थे। सऊदी अरब ने बुधवार की रात ही एलान कर दिया था कि उसने सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। अमरीका में सऊदी अरब के राजदूत अब्देल-अल-जुबैर ने बताया कि उनके देश ने यमन में शिया हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। सऊदी अरब के साथ लगभग दस अन्य देश भी इस सैन्य कार्रवाई में शामिल हो गए हैं।

    इधर यमन के बिगड़े हालात से चिंतित भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को अंतर-मंत्रालयीय बैठक की। इसमें युद्धग्रस्त देश से अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के उपायों पर चर्चा की गई। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी यमन में भारत के राजदूत अमृत लुगन से वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर चर्चा की। उन्होंने पूछा कि भारतीयों की मदद के लिए क्या कदम उठाए जाएं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने यह जानकारी दी। इससे पहले विदेश मंत्रालय एडवाइजरी जारी कर यमन में रह रहे भारतीयों को देश छोड़ने के लिए कह चुका है।

    इसे भी पढ़ें: सऊदी अरब का यमन में हूती विद्रोहियों पर हवाई हमला

    इसे भी पढ़ें: भारत ने अपने नागरिकों को यमन से लाने को ढूंढ़े उपाय