विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 10, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दो चीनियों की हत्या से नाराज चिनफिंग ने नहीं की शरीफ से मुलाकात

By Kishor JoshiEdited By:
Published: Sat, 10 Jun 2017 09:44 PM (IST)Updated: Sun, 11 Jun 2017 07:37 AM (IST)

एससीओ की बैठक के दौरान पाकिस्तानी पीएम शी चिनफिंग चीनी राष्ट्रपति से मिले बगैर ही वापस लौट गए

दो चीनियों की हत्या से नाराज चिनफिंग ने नहीं की शरीफ से मुलाकात
दो चीनियों की हत्या से नाराज चिनफिंग ने नहीं की शरीफ से मुलाकात

बीजिंग, (पीटीआई)। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान का खुलेआम समर्थन करने वाले चीन ने अस्ताना में आयोजित शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) की बैठक में अपने इस सदाबहार दोस्त को करारा झटका दिया। बैठक के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ पारंपरिक मुलाकात से इन्कार कर दिया। बताते हैं कि बलूचिस्तान में दो चीनी शिक्षकों की हत्या के प्रति नाराजगी व्यक्त करने के लिए चीनी राष्ट्रपति ने यह अप्रत्याशित कदम उठाया।

चीन के सरकारी मीडिया ने भी अपने राष्ट्रपति शी चिनफिंग की कजाखस्तान के राष्ट्रपति नूरसुल्तान नजरबायेव, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात को खासी प्रमुखता दी। वहीं, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ कजाखस्तान, उजबेकिस्तान, अफगानिस्तान और रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात कर अस्ताना से रवाना हो गए।

दरअसल, बलूचिस्तान के क्वेटा में पिछले महीने दो चीनी नागरिकों का अपहरण कर लिया गया था। बाद में कथित रूप से इस्लामिक स्टेट (आइएस) के आतंकियों ने दोनों की बर्बरतापूर्वक हत्या कर दी। इस वारदात से चीनी नागरिकों में बेहद नाराजगी थी। खास बात यह है कि इन हत्याओं की खबर 8-9 जून को आयोजित एससीओ की बैठक से पूर्व सार्वजनिक हुई। इस बैठक में भारत और पाकिस्तान दोनों को सदस्य के तौर पर संगठन में शामिल कर लिया गया।

हालांकि, चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चनिंग ने शुक्रवार को कहा था कि इन हत्याओं का 'चीन पाकिस्तान आर्थिक गलियारे' (सीपीईसी) से कोई लेना-देना नहीं है। बलूचिस्तान के लोग 50 अरब अमेरिकी डॉलर की लागत से बन रहे इस गलियारे का विरोध कर रहे हैं। यह चीन के जिनजियांग को पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर के रास्ते बलूचिस्तान स्थित ग्वादर बंदरगाह को जोड़ता है। सीपीईसी चीन के महत्वाकांक्षी 'बेल्ट एंड रोड इनीशिएटिव' (बीआरआइ) का हिस्सा है।

हुआ का यह भी कहना था कि चीनी नागरिकों की हत्या का न तो बीआरआइ से कोई संबंध है और न ही एससीओ की बैठक से। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपने यहां संस्थाओं में कार्यरत चीनी नागरिकों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखता है और इसके लिए उसने हर मुमकिन प्रयास किए हैं। जहां तक बीआरआइ का सवाल है तो अगर हमें वैश्विक बनना है तो हर खतरे के लिए तैयार रहना होगा। मालूम हो कि चीन ने सीपीईसी के निर्माण के लिए सैकड़ों चीनी श्रमिकों को पाकिस्तान में कार्य पर लगाया हुआ है।

यह भी पढ़ें: SCO के मंच से पीएम मोदी की स्‍पीच के दौरान देखने लायक था नवाज शरीफ का चेहरा

यह भी पढ़ें: SCO में बदले पाकिस्‍तान के सुर, इस मंच से भारत देगा करारा जवाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।