यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 19, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दक्षिण चीन सागर से लगते देश बरतें संयम : अमेरिका
चीनी रक्षा विभाग के प्रवक्ता रेन गुओकियांग ने इस प्रतिक्रिया देते हुए कहा चीन के सैन्य विमानों को दोनों समुद्री क्षेत्र से गुजरने का पूरा अधिकार है।

वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका ने अप्रत्याशित तौर पर पूर्वी और दक्षिण चीन सागर से लगते देशों को संयम बरतने की सलाह दी है। रक्षा विभाग पेंटागन ने संबंधित देशों को उकसावे वाली कार्रवाई से बचने को भी कहा है। चीनी बमबर्षक विमान एच-6के ने पिछले सप्ताह बाशी चैनल (फिलीपींस) और मियाको स्ट्रेट (जापान) के ऊपर से कई उड़ानें भरी थीं। इससे तनाव बढ़ने की आशंका गहरा गई है।
चीनी रक्षा मंत्रालय ने जापान को इस तरह की उड़ानों के प्रति अभ्यस्त होने को कहा था। विवाद बढ़ने की आशंका के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्रालय को बयान जारी करना पड़ा है। पेंटागन प्रवक्ता कैप्टन जेफ डेविस ने कहा, 'अमेरिका क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक देश से संयम बरतने और एक-दूसरे की संप्रभुता का सम्मान करने की अपील करता है।' इससे पहले चीनी वायुसेना के प्रवक्ता शेन जिंके ने सैन्य अभ्यास की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि एच-6के बमबर्षक विमानों ने सुदूर समुद्र में कई उड़ानें भरी हैं।
समंदर में युद्ध क्षमता का आकलन करने के लिए बाशी चैनल और मियाको स्ट्रेट से होकर कई तरह के विमान गुजरे हैं। चीनी रक्षा विभाग के प्रवक्ता रेन गुओकियांग ने इस प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'चीन के सैन्य विमानों को दोनों समुद्री क्षेत्र से गुजरने का पूरा अधिकार है। भविष्य में जरूरत के मुताबिक इस तरह के और प्रशिक्षण अभियान को अंजाम दिया जाएगा। संबंधित देशों को इस पर ज्यादा हायतौबा मचाने की जरूरत नहीं है। इस तरह के अभ्यास का अभ्यस्त होने पर उन्हें अच्छा लगने लगेगा।'
मालूम हो कि हाल में ही दक्षिण चीन सागर से अमेरिकी बमबर्षक विमान गुजरने का चीन ने जबर्दस्त विरोध किया था। जर्मनी में जी-20 शिखर सम्मेलन में डोनाल्ड ट्रंप और शी चिनफिंग के बीच मुलाकात से ठीक पहले अमेरिकी लड़ाकू विमान ने विवादित क्षेत्र से उड़ान भरा था।