यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 24, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हमले की आशंका के मद्देनजर अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी किया अलर्ट
अमेरिका ने पूरी दुनिया में अपने नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है। आतंकवादी हमलों में आई तेजी और हमलों ...और पढ़ें

वाशिंगटन। अमेरिका ने पूरी दुनिया में अपने नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है। आतंकवादी हमलों में आई तेजी और हमलों की आशंका के मद्देनजर यह अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट में फ्रांस और माली की घटनाओं का जिक्र करते हुए अमेरिकी नागरिकों से अतिरिक्त सुरक्षा बरतने की अपील की गई है। ग्लोबल ट्रैवेल अलर्ट के जरिए अमेरिकी नागरिकों को दुनिया के हर कोने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अमेरिका का कहना है कि आतंकी संगठन अलकायदा, आईएसआईएस, बोको हराम समेत अन्य समूह दुनिया के किसी भी कोने में अमेरिकी सैलानियों को निशाना बना सकते हैं। अमेरिका ने इस अलर्ट को अपनी वेबसाइट पर भी जारी किया है। इसमें कहा गया है कि आतंकवादी धीरे-धीरे पूरी दुनिया में आतंक का माहौल पैदा करना चाहते हैं। इसी वजह से इस वर्ष माली, पेरिस, डेनमार्क और नाइजीरिया में हमले किए गए।
गौरतलब है पिछले दिनों पेरिस में हुए आतंकी हमलों में 130 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 300 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इसके बाद पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान में इन हमलों का मास्टरमाइंड मारा गया। लेकिन अब भी एक बड़ा आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इसका नाम सलाह अब्देसलाम बताया गया है। पेरिस हमलों के बाद यह वापस बेल्जियम लौट गया था। बेल्जियम ने भी अपने यहां पर पेरिस जैसे हमले होने की आशंका जताई है। इसके चलते उसने मेट्रो सेवा को फिलहाल बंद कर रखा है।
