यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमेरिकी छात्र के निधन पर ट्रंप ने की उत्तर कोरिया की निंदा
उत्तर कोरिया में जेल की सजा काटकर लौटे अमेरिकी छात्र ओट्टो वार्मबीयर की मौत हो गई। इस घटना पर शोक ...और पढ़ें

वाशिंगटन (एएनआई)। अमेरिकी छात्र ओट्टो वार्मबीयर की दुखद मौत पर शोक व्यक्त करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इसे ‘कोरियाई शासन की क्रूरता’ बताते हुए उत्तर कोरिया की निंदा की। व्हाइट हाउस से जारी बयान में कहा गया, ‘मेलानिया और मैं ओट्टो वार्मबीयर के असमय मौत पर उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। किसी माता-पिता के लिए संतान की मौत से बड़ा कोई और दुख नहीं। इस दुख की घड़ी में हम ओट्टो के परिजनों के साथ हैं।‘ ट्रंप ने छात्र की मौत पर ट्वीट कर कहा,'किसी भी परिवार के लिए कम उम्र में अपने बच्चे को खोने से अधिक दुखदायी कुछ नहीं होता।'
Melania and I offer our deepest condolences to the family of Otto Warmbier. Full statement: https://t.co/8kmcA6YtFD pic.twitter.com/EhrP4BiJeB
— Donald J. Trump (@realDonaldTrump) June 19, 2017
इसके अलावा दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन ने भी वार्मबीयर की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उत्तर कोरिया को दूसरे देश के नागरिकों को बिना किसी परेशानी के रिहा कर देना चाहिए। मून जे इन ने वार्मबीयर की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा,'यह बेहद निंदनीय है कि उत्तर कोरिया मानव अधिकारों का सम्मान नहीं कर रहा है।' वार्मबीयर की स्थिति जानने के बाद ट्रंप प्रशासन ने रिहाई के लिए भरपूर प्रयास किया था।
22 वर्षीय वार्मबीयर उत्तर कोरिया में 17 महीने की जेल की सजा भुगतने के बाद अमेरिका वापस आया था। कोमा से बाहर आने के तुरंत बाद उत्तर कोरिया ने वार्मबीयर रिहा कर दिया था। अमेरिकी डाक्टरों का कहना है कि ओट्टो के सिर पर गहरी चोट थी। जिसके बाद उन्हें सिनसिनाटी में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वर्जिनिया विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने वाले वार्मबीयर को गत वर्ष उत्तर कोरिया की यात्रा के दौरान होटल से प्रचार चिह्न की चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें 15 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।