यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 15, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डेनमार्क में दो आतंकी हमलों में दो मरे, पांच पुलिसकर्मी घायल
डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में शनिवार रात एक सांस्कृतिक केंद्र में इस्लाम और अभिव्यक्ति की आजादी विषय पर आयोजित एक ...और पढ़ें

कोपेनहेगन। डेनमार्क की राजधानी में आतंकी गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में पुलिस ने एक व्यक्ति को तब मार गिराया जब एक रेलवे स्टेशन के पास उसने पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस का मानना है कि दोनों आतंकी घटनाओं में मारे गए व्यक्ति का ही हाथ था। वैसे पुलिस ने एक संदिग्ध की तस्वीर भी जारी की है।
पहली घटना कुरुटोंडेन सांस्कृतिक केंद्र में चल रहे एक फ्री स्पीच कार्यक्रम के दौरान शनिवार को हुई थी। उसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी और तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे। उसमें कला, ईश निंदा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता विषय पर आयोजित सेमिनार में स्वीडन के विवादास्पद कलाकार लार्स विक्स को भी संबोधित करना था। 2007 में पैगंबर मुहम्मद का विवादित कार्टून बनाने के बाद से विक्स के खिलाफ दुनिया भर में प्रदर्शन हुए थे। माना जा रहा है कि विक्स ही आतंकियों के निशाने पर थे। विक्स को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं।
पहली वारदात के कुछ ही घंटे बाद राजधानी के मुख्य यहूदी प्रार्थना घर के पास एक यहूदी युवक के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उस गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं। इन दोनों घटनाओं में हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। उसकी तलाशी के लिए अभियान जारी था और राजधानी के ऊपर हेलीकॉप्टर मंडरा रहे थे। इन घटनाओं को फ्रांस की कार्टून पत्रिका शार्ली अब्दो के दफ्तर पर हुए आतंकी हमले से जोड़कर देखा जा रहा है जिसमें पत्रकारों समेत 17 लोग मारे गए थे।
डेनमार्क की प्रधानमंत्री हेली थोर्निग ने इसे आतंकी हमला करार दिया है।
अमेरिका ने इन हमलों को निंदनीय बताया है और जांच में मदद का प्रस्ताव दिया है। वहीं इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इन हमलों के बाद रविवार को कहा कि इस तरह के हमले यूरोप में होते रहने की आशंका है। इजरायल यूरोप के यहूदियों का स्वागत करेगा जो इजरायल आना चाहेंगे।
