यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 28, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अफगानिस्तान के कुंदुज पर तालिबान का भीषण हमला
अफगानिस्तान के उत्तरी प्रांत कुंदुज की राजधानी कुंदुज सिटी पर तालिबान ने सोमवार को भीषण हमला किया। आतंकियों और सुरक्षा ...और पढ़ें

कुंदुज सिटी। अफगानिस्तान के उत्तरी प्रांत कुंदुज की राजधानी कुंदुज सिटी पर तालिबान ने सोमवार को भीषण हमला किया। आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष जारी है। शहर के एक महत्वपूर्ण अस्पताल पर कब्जा करने में सफल रहे तालिबानी लड़ाके प्रांतीय गवर्नर कार्यालय से कुछ सौ मीटर की दूरी पर थे। हमला होते ही उव गवर्नर राजधानी से भाग गए।
रणनीतिक रूप से अहम कुंदुज सिटी पर इस साल दूसरी बार तालिबान ने हमला किया है। विदेशी सैनिकों की वापसी के बाद तालिबान के हमलों का यह प्रांत केंद्र रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सैकड़ों की संख्या में सभी दिशाओं से हमला करते हुए आतंकी प्रांतीय राजधानी में दाखिल हुए।
शहर के बाहरी हिस्से में उन्हें रोकने के लिए सैन्य हेलीकॉप्टरों ने रॉकेट दागे पर कामयाबी नहीं मिल पाई। हमले के बाद दर्जनों लोग दहशत में पनाह लेने के लिए शहर के मुख्य हवाई अड्डे की ओर भाग गए। लेकिन, सुरक्षा बलों ने उन्हें वहां से हटा दिया।
पुलिस प्रवक्ता सैयद सरवर ने बताया कि राजधानी के खानाबाद, चारदारा और इमाम साहब में आतंकियों के साथ मुठभेड़ चल रही है। मदद के लिए पड़ोस के बाल्ख प्रांत से विशेष बल, अफगान पुलिस और सेना के जवान भेजे गए हैं।
यह भी पढ़ें : तस्वीरें : दुनियाभर में ऐसा दिखा चांद का जलवा
सरवर ने बताया कि संघर्ष में 20 आतंकी मारे गए हैं, जबकि तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। दूसरी ओर, तालिबान के प्रवक्ता जबिउल्लाह मुजाहिद ने सरकारी इमारतों पर कब्जे का दावा करते हुए स्थानीय लोगों को घरों में रहने को कहा है।
अफगान गृह मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि बीते 24 घंटों में अलग-अलग कार्रवाई में कम से कम 95 आतंकी मारे गए हैं। कार्रवाई नांगरहार, उरुगजान, गजनी और हेरात प्रांत में किए गए। इन सभी जगहों पर तालिबान सक्रिय है।
