यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शेख हसीना का आतंकवाद को बांग्लादेश से जड़ से उखाड़ने का ऐलान
आतंकी हमले पर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना समेत विभिन्न देशों के नेताओं ने कड़ी निंदा की है।

ढाका। राजधानी ढाका में आइएस के दुर्दांत आतंकी हमले पर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना समेत विभिन्न देशों के नेताओं ने कड़ी निंदा की है। शेख हसीना ने तो शनिवार को कसम ली है कि वह बांग्लादेश से आतंकवादियों और हिंसक कट्टरपंथियों को जड़ से उखाड़ फेंकेंगी।
ये भी पढ़ेंः ढाका हमलाः फंसी तारिषी ने रात डेढ़ बजे किया था घर फोन
शुक्रवार की रात ढाका के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके गुलशन में होली आर्टिजन में हुए आतंकी हमले को प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बहुत ही घृणित हरकत बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आतंकियों को जड़ से उखाड़ने के लिए सब कुछ करेगी।
वह देश की जनता से अपील करती हैं कि आतंकियों का जमकर विरोध करें। वह अल्लाह का शुक्रिया अदा करती हैं कि आतंकियों को खत्म करने में कामयाबी मिली और बंधकों को बचाया जा सका। हालांकि हसीना ने यह साफ नहीं किया कि स्पैनिश रेस्टोरेंट के अंदर कुल कितने लोग बंधक थे।
उन्होंने कहा कि ये किस तरह के मुसलमान हैं? उनका कोई धर्म नहीं है। उन्होंने रमजान की तराबी (खास शाम) नमाज पढ़ी और लोगों का कत्ल करने निकल पड़े। जिस तरह से उन्होंने लोगों की हत्या की है वह बर्दाश्त के बाहर है। उनका कोई धर्म नहीं है। उनका धर्म आतंकवाद है।
इस बीच, रोम में इटली के प्रधानमंत्री मेतियो रेंजी ने बांग्लादेश की राजधानी में आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि कट्टरपंथी इस्लाम की त्रासदी का मुकाबला करते हुए समूचा इटली एकजुट है।
हम कुछ लोगों के पागलपन के चलते उस जिंदगी को तहस-नहस नहीं करेंगे जो हम हर रोज जीते हैं। रेंजी ने एक प्रेस कांफ्रेंस में हमले में मारे गए इटली के कुल नागरिकों की संख्या बताने से इन्कार कर दिया।
इसी तरह व्हाइट हाउस के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को ढाका के हमले की पूरी जानकारी दी गई है। अमेरिकी सांसदों ने भी ढाका में हुए हमले की कड़ी आलोचना करते हुए आतंकी संगठन आइएस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ये भी पढ़ेंः ढाका हमले से संबंधित सभी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
कुछ सांसदों ने इस हमले के बाद के हालात पर भी नजर रखने की हिदायत दी है। सिनेटर डियेन फीनस्टींन ने कहा कि बांग्लादेश के हालात देखते हुए इस वीकेंड पर खास तौर पर सजग रहने की जरूरत है। सिनेटर रिचर्ड बर्र ने कहा कि इन आतंकी संगठनों के उन सभी ठिकानों को खत्म करने की जरूरत है जहां यह आतंकी प्रशिक्षण देते हैं, तैनाती करते हैं और हमले करने की साजिश रचते हैं।
उधर, पाकिस्तान ने भी ढाका में आतंकी हमले की निंदा की है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्हें भरोसा है कि बांग्लादेश सरकार इस कायरतापूर्ण हमले का कड़े से कड़ा जवाब देगी।
