रिचर्ड वर्मा बने भारत में नए अमेरिकी राजदूत
रिचर्ड राहुल वर्मा ने शनिवार को भारत में अमेरिकी राजदूत के तौर पर शपथ ली। वर्मा इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय अमेरिकी हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन कैरी ने विदेश विभाग में 46 वर्षीय वर्मा को शपथ दिलाई।
वाशिंगटन। रिचर्ड राहुल वर्मा ने शनिवार को भारत में अमेरिकी राजदूत के तौर पर शपथ ली। वर्मा इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय अमेरिकी हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन कैरी ने विदेश विभाग में 46 वर्षीय वर्मा को शपथ दिलाई।
अगले महीने कैरी की दिल्ली यात्रा के पहले वर्मा भारत आ सकते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा मुख्य अतिथि के तौर पर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में शिरकत करने भारत आएंगे। पिछले हफ्ते ही अमेरिकी सीनेट ने ध्वनिमत से राजदूत पद के लिए वर्मा के नाम की पुष्टि की थी। भारत के साथ असैन्य परमाणु करार पर कांग्रेस की मुहर लगवाने में वर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। इसके अलावा हाल ही में उन्होंने शीर्ष अमेरिकी थिंक टैंक 'सेंटर फॉर अमेरिकन प्रोग्रेस' में 'इंडिया 2020' परियोजना की शुरुआत की थी।
वह नैंसी पॉवेल का स्थान लेंगे, जिन्होंने कथित वीजा फर्जीवाड़ा आरोपों पर भारतीय राजनयिक देवयानी खोबरागड़े के साथ हुए व्यवहार पर विवाद के बाद मार्च में इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल, नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के नेतृत्व की जिम्मेदारी कैथलीन स्टीफंस पर है।
पढ़ेंः भारत-अमेरिका के रिश्तों में मजबूती का सेतु बनेंगे रिचर्ड
पढ़ेंः रिचर्ड राहुल वर्मा होंगे भारत में अमेरिका के अगले राजदूत