विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इराक से भारतीयों का व्यापक निकासी अभियान शुरू

By Edited By:
Published: Mon, 30 Jun 2014 10:42 PM (GMT+05:30)

आतंकी हिंसा की आग में जल रहे इराक से भारत ने अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए व्यापक निकासी अभियान छेड़ दिया है। इसके तहत पहले हफ्ते में 600 भारतीयों को वहां निकालने की शुरुआत कर दी गई है। इसके लिए सैन्य विमान व युद्धपोत भी अलर्ट पर रखे गए हैं।

News Article Hero Image

नई दिल्ली। आतंकी हिंसा की आग में जल रहे इराक से भारत ने अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए व्यापक निकासी अभियान छेड़ दिया है। इसके तहत पहले हफ्ते में 600 भारतीयों को वहां निकालने की शुरुआत कर दी गई है। इसके लिए सैन्य विमान व युद्धपोत भी अलर्ट पर रखे गए हैं।

इराक संकट पर खाड़ी क्षेत्र में तैनात भारतीय राजदूतों के साथ रविवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज व राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह के गहन विचार-विमर्श के बाद व्यापक निकासी अभियान पर तेजी से अमल शुरू हो गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैय्यद अकबरुद्दीन के मुताबिक भारतीय मोबाइल टीमें इराक के नजफ, कर्बला, बसरा, बगदाद जैसे शहरों में पहुंच चुकी हैं जो अभी हिंसाग्रस्त क्षेत्र से दूर हैं। इन इलाकों में भारतीय नागरिकों से घर-घर संपर्क कर उन्हें सुरक्षा सलाह के साथ ही वतन लौटने के लिए हर जरूरी सुविधा मुहैया कराई जा रही है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, नजफ से 60 भारतीयों को वापस लाया जा रहा है वहीं 31 के दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं ताकि मंगलवार को उन्हें भारत लाया जा सके। इस कड़ी में अगले दो-तीन दिनों में 30 और भारतीय नागरिकों की वापसी संबंधी कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह कर्बला से भी अगले दो-तीन दिनों में 130 से अधिक भारतीयों को लाया जाएगा। इस हफ्ते कर्बला से 230 भारतीयों को सुरक्षित निकाला जाना है। भारतीयों से संपर्क की कवायद में विदेश मंत्रालय की टीम ने बसरा में न्यायिक हिरासत में मौजूद छह भारतीयों को लौटाने के लिए भी जिला न्यायाधीश को राजी कर लिया।

भारत अब जल्दी से अपने नागरिकों को निकाल लेना चाहता है। इस कड़ी में प्रवासी भारतीय कार्य मंत्रालय ने इराक में फंसे भारतीयों के लिए भारतीय कल्याण कोष से पैसा बगदाद भेज दिया है ताकि वापसी चाह रहे नागरिकों के लिए यात्रा संबंधी इंतजाम किए जा सकें। भारतीय दूतावास की टीमें वीजा व दस्तावेज संबंधी अड़चनों में भी मदद कर रही हैं। किसी नागरिक की वापसी में उसका कामकाज संबंधी अनुबंध या पासपोर्ट या आर्थिक तंगी आड़े आती है तो इस बाबत हर जरूरी मदद मुहैया कराई जा रही है।

भारतीय खेमे की रणनीति है कि बसरा, बगदाद व नजफ में व्यावसायिक विमानों के उड़ानों के जारी रहते अधिक से अधिक लोगों को निकाल लिया जाए।

---------

इंसर्ट

-----

आइएसआइएस के खलीफा राज पर भारत चुप

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली

इराक में अपने नागरिकों की हिफाजत और सांसत में फंसे 39 भारतीय बंधकों की सलामती को लेकर चिंतित भारत ने आइएसआइएस के अपना खलीफा राज स्थापित करने की खबरों पर कोई सीधी प्रतिक्रिया देने से परहेज किया है।

आइएसआइएस के अपना राज स्थापित करने के बाद भारतीय बंधकों की रिहाई की सूरत व बातचीत के बारे में विदेश मंत्रालय प्रवक्ता ने कहा कि भारत इसके लिए हर दरवाजा खटखटा रहा है। उनका कहना था कि हम अगले, पिछले दरवाजों के साथ ही खिड़कियों के दरवाजे भी खटखटा रहें हैं।

उल्लेखनीय है कि बीते एक पखवाड़े से अधिक से 39 भारतीय इराक में बड़े हिस्से पर कब्जा कर चुके आइएसआइएस व उसके समर्थक गुटों के कब्जे में हैं। सरकार लगातार यही कर रही है कि बंधक भारतीयों को अभी तक कोई नुकसान नहीं हुआ है।

पढ़ें : आईएसआईएस ने बनाया नया इस्लामी राज्य, खलीफा घोषित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।