यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पाकिस्तान में ईशनिंदा में एक और की हत्या
पाकिस्तान में एक पुलिसकर्मी ने कथित रूप से मुहम्मद साहब के साथियों पर अपमानजनक टिप्पणी करने पर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। दो दिन पहले ही ईशनिंदा के आरोप में इसी प्रांत में एक ईसाई जोड़े को जिंदा जला दिया गया था।

लाहौर। पाकिस्तान में एक पुलिसकर्मी ने कथित रूप से मुहम्मद साहब के साथियों पर अपमानजनक टिप्पणी करने पर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। दो दिन पहले ही ईशनिंदा के आरोप में इसी प्रांत में एक ईसाई जोड़े को जिंदा जला दिया गया था।
55 वर्षीय तुफैल हैदर को बुधवार को कथित अपमानजनक टिप्पणियों के कारण कुछ लोगों ने पीटकर पुलिस के हवाले किया था। एक अधिकारी खुर्रम शहजाद ने बताया, 'पुलिस अधिकारी फराज नावीद ने थाने लाकर उसे जेल में डाल दिया। चेतावनी के बाद भी हैदर ने मुहम्मद साहब के साथियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करना नहीं छोड़ा।' सुबह करीब पांच बजे नावीद अपनी भावनाओं को नहीं संभाल सका और एक कुल्हाड़ी से हैदर के गले पर कई वार किए। हैदर की तत्काल मौत हो गई। पाकिस्तान में ईशनिंदा गंभीर अपराध है। कई मामलों में दोषी को तत्काल मौत के घाट उतार दिया जाता है। मंगलवार को कथित तौर पर कुरान का अपमान करने के कारण भीड़ ने एक ईसाई जोड़े को ईंट के भट्ठे में जला दिया था।