यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 13, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शांति वार्ता विफल रही तो आतंकियों के खिलाफ होगी कार्रवाई : ममनून हुसैन
कराची। पाकिस्तान के राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने कहा है कि आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान [टीटीपी] के साथ शांति वार्ता करने के ...और पढ़ें

कराची। पाकिस्तान के राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने कहा है कि आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान [टीटीपी] के साथ शांति वार्ता करने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर वार्ता विफल रही तो आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यहां पर व्यापार सम्मेलन को संबोधित करने के दौरान उन्होंने कहा, 'सरकार तालिबान के साथ वार्ता करने के लिए यथासंभव प्रयास कर रही है, लेकिन अगर हमारे प्रयास विफल हुए तो हमें उनके खिलाफ कार्रवाई करनी होगी।' नवाज शरीफ सरकार तालिबान के साथ वार्ता शुरू करने के काफी करीब थी, लेकिन गत अक्टूबर में टीटीपी प्रमुख हकीमुल्ला महसूद के ड्रोन हमले में मारे जाने के बाद सभी प्रयास ठंडे पड़ गए।
ममनून ने कहा, 'हम पाकिस्तान में शांति चाहते हैं इसलिए सबसे पहले तालिबान के साथ वार्ता शुरू करने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।' उन्होंने कराची में आतंकियों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सुरक्षा बलों के अभियान पर भी चर्चा की। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कराची में चल रहे अभियान की प्रधानमंत्री व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य शहर में शांति स्थापित करना है। साथ ही दावा किया कि व्यापारिक समुदाय देश की आर्थिक राजधानी में चल रहे सुरक्षा अभियान से संतुष्ट है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
