यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जानें, पाक-चीन दोस्ती का सच, खतरे में पड़ सकती है आतंरिक सुरक्षा
पाकिस्तान और चीन के रिश्ते पर एक विशेषज्ञ ने पड़ताल की है और बहुत ही बेबाकी से अपनी राय रखी है।

वाशिंगटन डीसी, एएनआइ। पाकिस्तान और चीन अक्सर अपनी 'सदाबहार दोस्ती' की बातें करते रहते हैं, मगर दक्षिण एशियाई मामलों के एक विशेषज्ञ की मानें तो सच यह है कि उनके बीच का संबंध हमेशा निराशावाद रहा है। वेबसाइट फॉरेनपॉलिसी डॉट कॉम पर छपे एक लेख में सी क्रिस्टीन फेयर ने कई अरबों-डॉलर के चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (सीपीइसी) का हवाला देते कहा है कि जिस तरह से यह परियोजना आकार ले रही है, उसको लेकर पाकिस्तान को असल में चिंतित होना चाहिए।
क्रिस्टीन ने अपनी राय रखते हुए कहा कि अगर आंशिक रूप से माफ भी कर दिया जाए तब भी पाकिस्तान चीन के कर्ज तले इतना दबा होगा जितना कि पहले कभी नहीं हुआ होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पाकिस्तान को बेकार में बोझ तले दबा देगी, जिससे आगे चलकर इसकी आतंरिक सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी।
लेख में क्रिस्टीन पाकिस्तान को चेताती नजर आईं कि सीपीइसी के नाम पर वह 'चीनी कर्ज' लेना बंद करे, क्योंकि इसके कारण उसके भारत के साथ संबंध भी और खराब हो सकते हैं। गौरतलब है कि भारत सीपीइसी का विरोध कर रहा है, क्योंकि यह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से होकर गुजरेगा। प्रत्यक्ष तौर पर सीपीइसी बड़े पैमाने पर नए परिवहन और ऊर्जा संबंधी मूलभूत ढांचे के विकास के माध्यम से पाकिस्तान को चीन के पश्चिमी शिनजियांग प्रांत से जोड़ेगा। सीपीइसी चीन के अत्यधिक प्रचारित वन बेल्ट वन रोड योजना का हिस्सा है।
क्रिस्टीन ने चीन पर पाकिस्तान को भारत के खिलाफ भड़काने का आरोप भी लगाया है। वहीं अंत में उन्होंने कहा कि पाक नागरिकों के पास यह जानने का कोई तरीका नहीं है कि उन्हें सीपीइसी की क्या कीमत चुकानी पड़ेगी। ना ही सरकार को स्पष्ट है कि किस तरह के प्रोजेक्ट योजना का हिस्सा हैं। लागत पूरी तरह से अपारदर्शी है। चीन ने कीमत तय की है, चीनी कंपनियों को काॅन्ट्रैक्ट दिए हैं और पाकिस्तान कर्ज तले दब गया है।