बीजिंग में दुनिया के सबसे ज्यादा अरबपति, न्यूयॉर्क को छोड़ा पीछे
चीन की राजधानी बीजिंग अब दुनिया में अरबपतियों की नई राजधानी बन गई है। उसने इस मामले में अमेरिकी शहर न्यूयार्क को पीछे छोड़ दिया है।
बीजिंग। चीन की राजधानी बीजिंग अब दुनिया में अरबपतियों की नई राजधानी बन गई है। उसने इस मामले में अमेरिकी शहर न्यूयार्क को पीछे छोड़ दिया है। शंघाई की मासिक पत्रिका हुरन का प्रकाशन करने वाली कंपनी के मुताबिक चीन की राजधानी ने 95 अरबपतियों के मुकाबले 100 का आंकड़ा हासिल कर न्यूयार्क को पीछे छोड़ दिया है।
यह अध्ययन उन रिपोर्ट के कुछ महीनों बाद आया है। जिसमें कहा गया है कि चीन में अरबपतियों की संख्या अब अमेरिका से अधिक है। इसमें इस बात का उल्लेख किया गया है कि चीन के अमीर लोग शेयर बाजार में जोरदार गिरावट और अर्थव्यवस्था में सुस्ती के बावजूद संपदा का सृजन कर रहे हैं।
हुरन के संस्थापक रूपर्ट होगेवर्फ ने कहा कि उनकी संपदा की गणना 15 जनवरी के शेयर मूल्यों के हिसाब से की गई है। इस लिहाज से इसमें चीन के बाजार में पिछले छह माह के दौरान दर्ज 40 प्रतिशत गिरावट को शामिल किया गया है।