यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूनिवर्सल मेमोरी बनाने की दिशा में बढ़े कदम
स्थायी मेमोरी का प्रयोग गणना में या प्रोग्राम के चलने में इसलिए संभव नहीं होता क्योंकि उसकी गति रैम की तुलना में बहुत कम होती है।

मॉस्को, आइएएनएस। वैज्ञानिकों ने कंप्यूटर की दुनिया में नई क्रांति की तैयारी कर ली है। मॉस्को इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिक्स एंड टेक्नोलॉजी (एमआइपीटी) के वैज्ञानिकों ने यूनिवर्सल मेमोरी बनाने का तरीका खोजा है। एटॉमिक लेयर डिपोजिशन (एएलडी) तकनीक का इस्तेमाल करते हुए टेंटेलम ऑक्साइड की मदद से इस मेमोरी फिल्म को तैयार किया गया है।
यूनिवर्सल मेमोरी की गति कंप्यूटर में इस्तेमाल होने वाली अस्थायी रैंडम एक्सेस मेमोरी (रैम) जितनी ही तेज होगी और साथ ही इस पर जानकारियों को सुरक्षित रखना भी संभव होगा। वर्तमान समय में कंप्यूटर या इस तरह के किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में रैम के तौर पर अलग चिप का इस्तेमाल किया जाता है। उपकरण काम करते समय इसी मेमोरी की मदद से प्रक्रियाओं को अंजाम देता है। तकनीकी रूप से देखा जाए तो कंप्यूटर पर किसी गणना को अंजाम देते हुए गिनती अस्थायी रूप से रैम पर आती है, वहीं गणना पूरी होती है और फिर नतीजा स्थायी मेमोरी पर सेव हो जाता है। उपकरण पर एक साथ कई प्रोग्राम चलाने के लिए ज्यादा रैम की जरूरत पड़ती है।
स्थायी मेमोरी का प्रयोग गणना में या प्रोग्राम के चलने में इसलिए संभव नहीं होता, क्योंकि उसकी गति रैम की तुलना में बहुत कम होती है। मेमोरी की गति प्रोसेसर के साथ तालमेल बैठाने में सक्षम नहीं होती। यूनिवर्सल मेमोरी इस समस्या को दूर कर देगी। इसकी मदद से कंप्यूटर में रैम की आवश्यकता नहीं रह जाएगी। स्थायी मेमोरी का इस्तेमाल ही रैम की तरह करना संभव होगा। इससे कंप्यूटर की गति और क्षमता कई गुना तक बढ़ सकेगी। इस मेमोरी को रेजिस्टिव रैंडम एक्सेस मेमोरी (रीरैम) कहा गया है। शोधकर्ता एंड्रे मार्कीव ने बताया कि टेंटेलम की मदद से रीरैम बनाने में कामयाबी मिली है। यह अभी प्रयोगशाला के स्तर पर है। बाहरी परिवेश में इसके सफल होने के बाद यूनिवर्सल मेमोरी का लक्ष्य दूर नहीं रह जाएगा।