यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पाकिस्तानी हवाई हमले में मारे गए सौ से अधिक आतंकी
कराची स्थित पाकिस्तान के सबसे बड़े हवाई अड्डे पर भीषण आतंकी हमले के एक हफ्ते बाद पाकिस्तानी सेना ने आतंकियों ...और पढ़ें

इस्लामाबाद। कराची स्थित पाकिस्तान के सबसे बड़े हवाई अड्डे पर भीषण आतंकी हमले के एक हफ्ते बाद पाकिस्तानी सेना ने आतंकियों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने उत्तरी वजीरिस्तान के अशांत कबायली इलाके में जमकर बमबारी की। आतंकी ठिकानों पर किए गए इस हमले में कराची हवाई अड्डे के साजिशकर्ता समेत सौ से ज्यादा आतंकवादी मारे गए। मरने वालों में ज्यादातर उज्बेक आतंकी शामिल हैं। यह सैन्य अभियान इस मायने में भी बेहद अहम है क्योंकि तालिबान के साथ बातचीत के हिमायती माने जाने वाले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ खुद इस तरह की कार्रवाई का विरोध करते रहे हैं।
उत्तरी वजीरिस्तान के देगान और दत्ता खेल इलाके में रविवार तड़के उज्बेक आतंकियों के ठिकानों पर विमानों ने बम बरसाए। एक बयान में सेना ने कहा कि इन ठिकानों में कराची हवाई अड्डे पर हमले से जुड़े विदेशी और स्थानीय आतंकवादियों के छुपे होने की पुष्ट खबर थी। सेना के अनुसार हवाई हमले में कुल 105 आतंकी मारे गए हैं। साथ ही गोला बारूद का जखीरा भी नष्ट कर दिया गया। डॉन ने सैन्य सूत्रों के हवाले से बताया कि पिछले सप्ताह कराची में जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले का संदिग्ध मास्टरमाइंड भी कार्रवाई के दौरान मारा गया। सेना ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि हवाई हमले में उज्बेक कमांडर रहमान भी मारा गया है। वह कराची हवाई अड्डे पर हमले के साजिशकर्ताओं में से था। एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने अपनी खबर में महिलाओं और बच्चों समेत नागरिकों के हताहत होने की भी आशंका जताई है। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पहले कराची हवाईअड्डे पर दस उज्बेक आतंकवादियों ने धावा बोला था। इस दौरान करीब 13 घंटे चली गोलीबारी में दस आतंकवादियों समेत 37 लोग मारे गए थे।
