लखवी की रिहाई क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा
मुंबई हमलों (26/11) के मास्टरमाइंड जकीउर रहमान लखवी की रिहाई क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों की विशेषज्ञ व्हिटनी कैसल के मुताबिक भारत और पाकिस्तान के साथ अमेरिका के समीकरण भी इससे प्रभावित हो सकते हैं। लाहौर हाईकोर्ट ने लखवी को हिरासत से छोड़ने का आदेश
वाशिंगटन। मुंबई हमलों (26/11) के मास्टरमाइंड जकीउर रहमान लखवी की रिहाई क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों की विशेषज्ञ व्हिटनी कैसल के मुताबिक भारत और पाकिस्तान के साथ अमेरिका के समीकरण भी इससे प्रभावित हो सकते हैं।
लाहौर हाईकोर्ट ने लखवी को हिरासत से छोड़ने का आदेश दिया है। हालांकि, पाकिस्तान ने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की है। फॉरेन पॉलिसी पत्रिका में कैसल ने लिखा, 'कोर्ट के फैसले से भारतीय नेता काफी खफा हैं। अमेरिका ने भी इसकी आलोचना की है। भारत या अमेरिका के साथ पाकिस्तान के संबंधों में तनाव क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। भारत-पाक के बीच तल्खी बढ़ने पर दोनों देशों के स्थायित्व को खतरा हो सकता है।'
कैसल के मुताबिक लखवी की रिहाई भारतीयों के लिए अप्रत्याशित नहीं थी। नई दिल्ली को पता था कि पाकिस्तान में सक्रिय तत्व ऐसा व्यवहार करेंगे जिससे शांति बहाल करना दूर की कौड़ी होगी। कैसल ने संदेह व्यक्त किया कि पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां लखवी की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए कोर्ट से सुबूतों को छुपा भी सकती हैं।