यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फिर बुरे फंसे डोनाल्ड ट्रंप, महिला पत्रकार को बताया भद्दी, साथी को भी नहीं छोड़ा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा किए गए एक ट्वीट की वजह से वह विरोधियों ही नहीं अपनों के निशाने पर भी आ गए हैं।

नई दिल्ली (स्पेशल डेस्क)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा किए गए एक ट्वीट की वजह से वह विरोधियों ही नहीं अपनों के भी निशाने पर आ गए हैं। यह ट्वीट उन्होंने एमएसएनबीसी की पत्रकार मीका ब्रेजिंस्की के लिए किया है। अपने ट्वीट में उन्होंने मीका को क्रेजी मीका कहा है। फ्लोरिडा के गोल्फ रिजॉर्ट मार-अ-लागो के दौरे के क्रम में ट्रंप ने उन्हें प्लास्टिक सर्जरी के कारण भद्दी दिखने वाली महिला कहा था। ट्विटर पर ट्रंप ने मीका ब्रेजिंस्की के सहायक प्रस्तुतकर्ता जो स्कारबरो को भी पागल कहा है।
ट्रंप का ट्वीट
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्वीट में लिखा है, 'मैंने सुना कि मॉर्निंग जो शो में मेरे बारे में बुरे शब्द कहे गए। तो फिर कैसे वो कम दिमाग वाली सनकी मीका और मनोरोगी जो मार-अ-लागो में लगातार तीन रात मुझसे मिलने आए थे। प्लास्टिक सर्जरी के कारण वो भद्दी दिख रही थी, लिहाजा मैंने उन्हें मना कर दिया। इन दोनों ही ट्वीट को लेकर अब उनकी कड़ी निंदा हो रही है।
जवाब में ब्रेजिस्की ने भी किया ट्वीट
वहीं ब्रेजिंस्की ने ट्रंप की आलोचना के जवाब में बच्चों के खाने का एक विज्ञापन ट्वीट किया, जिसमें लिखा 'बच्चों के छोटे हाथों के लिए बनाया गया'। माना जा रहा है कि उन्होंने यह ट्वीट ट्रंप के ही जवाब में किया है। रिपब्लिकन पार्टी के वरिष्ठ नेता पॉल रायन ने ट्रंप के बयान की निंदा करते हुए कहा है कि वह इस टिप्पणी को सही नहीं मानते हैं। लिहाजा यह कोशिश की जानी चाहिए कि हमें सभ्य भाषा में बात करनी चाहिए।
— Mika Brzezinski (@morningmika) June 29, 2017
विवाद की शुरुआत
गौरतलब है कि एमएसएनबीसी पर प्रसारित होने वाले ब्रेकफास्ट शो 'मॉर्निंग जो' को मीका ब्रेजिंस्की और जो स्कारबरो पेश करते हैं। इस सप्ताह की कड़ी में मीका ने ट्रंप के प्राशासन पर टिप्पणी की और ट्रंप पर 'तानाशाह' होने का आरोप लगाया था। हालांकि व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा की गई टिप्पणी का बचाव किया है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता सारा हुकाबी सैन्डर्स ने मीडिया पर राष्ट्रपति और उनकी सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आरोप लगाया और कहा कि वो उन पर हो रहे मीडिया के हमलों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
...to Mar-a-Lago 3 nights in a row around New Year's Eve, and insisted on joining me. She was bleeding badly from a face-lift. I said no!
— Donald J. Trump (@realDonaldTrump) June 29, 2017
व्हाइट हाउस का बचाव
सारा का कहना था कि उन्हें लगता है कि राष्ट्रपति पर निजी तौर पर उस कार्यक्रम में हमले किए जा रहे थे और वो इस बारे में समझ रखते हैं कि वो पलटकर वार करें। उन्होंने कहा अमेरिका के लोगों ने एक ऐसे व्यक्ति को राष्ट्रपति चुना है जो बेहद मजबूत है, जो स्मार्ट हैं और जो लड़ने वाले हैं और वो डोनाल्ड ट्रंप हैं।
I heard poorly rated @Morning_Joe speaks badly of me (don't watch anymore). Then how come low I.Q. Crazy Mika, along with Psycho Joe, came..
— Donald J. Trump (@realDonaldTrump) June 29, 2017
राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान कार्यक्रम का हिस्सा बने थे ट्रंप
यहां पर ध्यान रखने वाली बात यह भी है कि राष्ट्रपति चुनाव के दौरान डोनाल्ड ट्रंप कई बार एमएसएनबीसी के 'मॉर्निंग जो' कार्यक्रम का हिस्सा बने थे। इसके बाद कई लोगों ने कार्यक्रम में ट्रंप के प्रति पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने के आरोप भी लगाए थे। लेकिन बाद में जब कार्यक्रम में उनकी पड़ताल की जाने लगी, तो दोनों के बीच रिश्तों में काफी तल्खी देखी जाने लगी। मीका ब्रेज़िंस्की और जो स्कारबरो ने राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप पर कई आरोप लगाए और उन्हें 'झूठा' भी कहा था। हाल के हफ्तों में स्कारबरो ने ट्रंप को 'अनाड़ी पागल' बताते हुए कहा कि वह उस बच्चे की तरह हैं जिसने अपनी पैंट में ही पॉटी कर दी हो'। वहीं दूसरी ओर मीका ने ट्रंप प्रशासन के सदस्यों को दिमागी तौर पर बीमार बताया था।

ट्रंप के विवादित ट्वीट
ऐसा पहली बार नहीं है कि डाेनाल्ड ट्रंप ने कोई विवादित ट्वीट किया है। इससे पहले भी वह कई बार सोशल मीडिया पर इस तरह की चीजें कर चुके हैं। आइए नजर डालते हैं उनके कुछ विवादित ट्वीट पर...
- डोनाल्ड ट्रंप ने ट्विटर पर लिखा था कि उन्हें इसका इस्तेमाल करना पसंद नहीं है, लेकिन वह राष्ट्रपति के रूप में इसका इस्तेमाल करते रहेंगे। इसके जरिए वह बेईमान मीडिया को जवाब दे सकते हैं।
- ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि एनबीसी न्यूज की खबर पूरी तरह से पक्षपाती थी कि फोर्ड, जीएम, लोकहीड और अन्य कंपनियां देश से बाहर गए रोजगारों को वापस लेकर आई हैं और इसमें ट्रंप का कोई लेना-देना नहीं है। इन कंपनियों के शीर्ष सीईओ से वास्तविक तथ्य जुटाएं। ये नौकरियां मेरी वजह से वापस आई हैं।
- ट्रंप ने हॉलीवुड अभिनेत्री मेरिल स्ट्रीप के बारे में लिखा था कि वह सबसे ज्यादा ओवररेटेड अभिनेत्रियों में से एक हैं जो उन्हें जानती तक नहीं, लेकिन उन्होंने गोल्डन ग्लोब में उनपर वार किए। वो एक...हैं।
- ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को आतंकी संगठन आईएसआईएस का संस्थापक करार दिया था।
- ट्रंप ने पोप को लेकर भी विवादित बयान दिया था। ट्रंप ने कहा था, 'अगर कभी आईएसआईएस वेटिकन पर हमला करेगा, तो मैं यकीन दिलाता हूं कि पोप खुद भी सिर्फ यही प्रार्थना करेंगे कि काश, डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति होते।'
- ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव के प्रचार के दौरान हिलेरी पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह दिमागी तौर पर राष्ट्रपति बनने लायक नहीं हैं।