वैज्ञानिकों ने बताया साल 2016 कुछ पल होगा लंबा
चंद्रमा के कारण आने वाले ज्वार-भाटे और अन्य कारणों से धरती को रोजाना एक चक्कर पूरा करने में कुछ अधिक समय लग जाता है।
लंदन। वैसे तो साल 2016 लीप ईयर था यानी इस साल फरवरी 28 दिनों की जगह 29 दिनों की थी। यानी हर साल के मुकाबले आपको एक दिन का समय अधिक मिला था।
मगर, इस साल आपको कुछ अधिक पलों की एक और सौगात मिल रही है। वैज्ञानिकों ने बताया कि इस साल के अंत में एक लीप सेकंड का समय और जुड़ जाएगा। कारण, धरती के घूर्णन की गति पहले से कुछ मंद हुई है।
कभी-कभार टाइमकीपर्स धरती के धूर्णन की गति को मिलाने के लिए समय में एक या दो सेकंड का समय अतिरिक्त बढ़ा देते हैं। यूएस नेवल ऑब्जरवेट्री के जिओफ चेस्टर ने बताया कि कई बार धरती को रोजाना अपना चक्कर पूरा करने में कुछ अधिक समय लगता है।
उन्होंने बताया कि चंद्रमा के कारण आने वाले ज्वार-भाटे और अन्य कारणों जैसे अल-नीनो के प्रभाव के कारण धरती को रोजाना एक चक्कर पूरा करने में कुछ अधिक समय लग जाता है। यह अतिरिक्त समय साल के आखिरी में 31 दिसंबर को 23 बजकर 59 मिनट और 59 सेकंड में जोड़ दिया जाएगा।