यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आयरलैंड में समलैंगिक विवाह पर जनमतसंग्रह
पारंपरिक कैथोलिक देश आयरलैंड में इस सप्ताह समलैंगिक विवाह पर ऐतिहासिक जनमतसंग्रह होने जा रहा है। समलैंगिक विवाह पर जनमतसंग्रह ...और पढ़ें

डबलिन। पारंपरिक कैथोलिक देश आयरलैंड में इस सप्ताह समलैंगिक विवाह पर ऐतिहासिक जनमतसंग्रह होने जा रहा है। समलैंगिक विवाह पर जनमतसंग्रह कराने वाला आयरलैंड संभवत: दुनिया का पहला देश होगा। शुक्रवार को होने वाले जनमतसंग्रह में लोगों को यह बताना है कि क्या आयरिश संविधान में यह अनुच्छेद जोड़ा जाए कि कानून के अनुसार दो लोगों के बीच बगैर लिंगभेद के विवाह हो सकता है। एक नवीनतम सर्वेक्षण में इसके समर्थन में 'हां' कहने वाले लोग अधिक हैं।
जनमतसंग्रह को लेकर समलैंगिक विवाह के समर्थक और विरोधी घर-घर जाकर प्रचार में जुटे हैं। कंजरवेटिव सहित सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने रुख से हटते हुए बदलाव का समर्थन कर रहे हैं। उधर, कैथलिक चर्च समलैंगिक विवाह का विरोध कर रहा है। उसने इस संबंध में एक बयान भी जारी किया है। देश के प्रधानमंत्री एंडा केनी ने कहा, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि समलैंगिक शादी के पक्ष और विपक्ष दोनो तरह के लोगों के साथ समान व्यवहार हो। अब तक दुनिया के 18 देश समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता दे चुके हैं।
