यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 22, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारतीय शांति सैनिकों ने कई लोगों की जान बचाई
संयुक्त राष्ट्र की एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि दक्षिणी सूडान में इस विश्व संस्था के अड्डे पर तैनात 43 भारतीय शांति सैनिकों ने बहादुरी दिखाते हुए वहां अधिक नुकसान होने से बचाया। इसी सप्ताह इस अड्डे पर करीब 2000 विद्रोहियों ने हमला कर दिया था।

संयुक्त राष्ट। संयुक्त राष्ट्र की एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि दक्षिण सूडान में भारतीय शांति सैनिकों ने बहादुरी दिखाते हुए वहां कई लोगों की जान बचाई।
इसी सप्ताह दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र के एक ठिकाने पर करीब 2000 विद्रोहियों ने हमला कर दिया था। इस हमले में दो भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे और एक घायल हो गया था। उस समय वहां 43 भारतीय सैनिक तैनात थे। अधिकारी ने शांति मिशन में भारतीय सैनिकों के कार्य की प्रशंसा की। दक्षिण सूडान के अकोबो शहर में गत 19 दिसंबर को संयुक्त राष्ट्र के ठिकाने पर हुए हमले में दो भारतीय सैनिकों धर्मेश सांगवान व कंवरपाल सिंह की मौत हो गई थी।
हमले में मारे गए भारतीय सैनिकों की याद में शनिवार को जूबा में दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन की ओर से एक सभा का आयोजन किया गया। दक्षिण सूडान के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष प्रतिनिधि हिल्डे जॉनसन ने सांगवान व सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दोनों को बहादुर सैनिक बताया और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उधर, मनीला में संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा कि दक्षिण सूडान में हिंसा बंद होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस देश में अभी हजारों लोग असुरक्षित हैं। बान ने संवाददाताओं से कहा, 'दक्षिणी सूडान में सभी राजनेता, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी व मिलिशिया नेता संघर्ष की स्थिति को समाप्त कर नागरिकों के खिलाफ हिंसा रोकें।'
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर