यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 04, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय कानून आयोग में सदस्य चुने गए युवा भारतीय वकील राजपूत
संयुक्त राष्ट्र महासभा के चुनाव में अनिरुद्ध राजपूत ने एशिया प्रशांत समूह में सबसे ज्यादा मत पाकर यह सदस्यता हासिल की।

संयुक्त राष्ट्र, प्रेट्र। भारतीय वकील अनिरुद्ध राजपूत संयुक्त राष्ट्र के कानूनी विशेषज्ञों की संस्था के सदस्य के तौर पर चुने गए हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा के चुनाव में उन्होंने एशिया प्रशांत समूह में सबसे ज्यादा मत पाकर यह सदस्यता हासिल की।
33 वर्षीय राजपूत समेत कुल 34 लोगों को महासभा ने अंतरराष्ट्रीय कानून आयोग के सदस्य के रूप में चुना है। संयुक्त राष्ट्र की इस संस्था पर अंतरराष्ट्रीय कानूनों के क्रमिक विकास की जिम्मेदारी है। जिनेवा स्थित इस संस्था के लिए नवनिर्वाचित सदस्य अगले साल जनवरी से अपनी सेवाएं देंगे और इनका कार्यकाल पांच साल का होगा। इन सदस्यों का चयन अफ्रीका, एशिया-प्रशांत, पूर्वी यूरोपीय, लैटिन अमेरिका, कैरेबियाई, पश्चिमी यूरोपीय देशों से किया गया है। एशिया प्रशांत समूह के मतदान में राजपूत को सबसे ज्यादा 160 मत मिले। जबकि इस समूह में जापान के शिन्या मुरासे को 148 मत मिले।
यह चुनाव गोपनीय मतपत्रों के जरिये गुरुवार को कराया गया। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने कहा कि राजपूत 70 साल पुरानी इस संस्था में चुने गए सबसे युवा सदस्यों में शामिल हैं। वह आयोग में भारत के पहले उम्मीदवार हैं।
