यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 21, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मनमोहन ने भारत में रूस के योगदान को जमकर सराहा
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को रूस की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब भारत के सामने गंभीर अंतरराष्ट्रीय ...और पढ़ें

मास्को। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को रूस की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब भारत के सामने गंभीर अंतरराष्ट्रीय चुनौतियां थीं, सीमित संसाधन और दोस्त थे, ऐसे समय में रूस भारत के साथ खड़ा रहा, इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
पढ़ें : हर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की कोशिश करेंगे मनमोहन
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने स्टेट इंस्टीच्यूट ऑफ इंटरनेशनल रिलेशंस द्वारा डॉक्टरेट की उपाधि हासिल करने के दौरान अपने भाषण में कहा कि जब भारत के सामने गंभीर अंतरराष्ट्रीय चुनौतियां थी, संसाधन व दोस्त सीमित थे, वैसे समय में रूस ने भारत की भरपूर मदद की। भारतीय इसे कभी भूल नहीं सकते। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भारत के लोग रूस की दोस्ती का सम्मान करते हैं और सहयोग को बहुमूल्य मानते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले छह दशकों में भारत का रूस के मुकाबले किसी अन्य देश से नजदीकी संबंध नहीं बने और न ही किसी देश ने भारत के लोगों में भरोसा और आत्मविश्वास पैदा किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच पिछले कई दशकों से वाणिज्य और संस्कृति पर आधारित संबंध रहे हैं। मनमोहन ने कहा कि भारत के विकास के हर पहलू में रूसी समर्थन का देश को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि खासकर भारी उद्योग, ऊर्जा, रक्षा, अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में रूस ने बहुमूल्य योगदान दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि शताब्दी के आखिरी दशक की शुरुआत में दोनों देश कठिन राजनीतिक और आर्थिक बदलाव के दौर से गुजरे। उस समय रूस ने लचीलापन दिखाया और समस्या का समाधान करते हुए विश्व में दोबारा अपना स्थान हासिल कर लिया। वहीं, भारत ने खुद को खोला और अधिक गहराई से दुनिया की अर्थव्यवस्था के साथ एकीकृत हो गया।
मनमोहन ने कहा कि रूस पहला ऐसा देश था जिसके साथ भारत ने वर्ष 2000 में सामरिक भागीदारी के समझौते पर हस्ताक्षर किया था। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध की बुनियाद काफी मजबूत है और भविष्य में भी यह कायम रहेगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर