यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 10, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
परमाणु बिजली पैदा करने वाले 17 रिएक्टर बंद करेगा फ्रांस
बिजली के इस्तेमाल में परमाणु ऊर्जा का हिस्सा अब कम किया जाएगा। यह हिस्सेदारी 75 फीसद से घटाकर 50 फीसद पर लाई जाएगी।

पेरिस, रायटर्स। एक तरफ भारत परमाणु बिजलीघरों की संख्या बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है तो विकसित देश अब इन बिजलीघरों को बंद करने के निर्णय ले रहे हैं। ताजा फैसला परमाणु ऊर्जा का सर्वाधिक इस्तेमाल कर रहे फ्रांस का है। वहां की सरकार ने 2025 तक देश के 17 रिएक्टरों को बंद करने फैसला किया है।
पर्यावरण मंत्री निकोलस ह्यूलट के अनुसार बिजली के इस्तेमाल में परमाणु ऊर्जा का हिस्सा अब कम किया जाएगा। यह हिस्सेदारी 75 फीसद से घटाकर 50 फीसद पर लाई जाएगी। इसी के लिए परमाणु बिजलीघरों में लगे 17 रिएक्टर बंद किये जाएंगे। फ्रांस बहुत कम लागत में परमाणु बिजली का उत्पादन करता है और पड़ोसी देशों में उसका निर्यात भी करता है। यह उसकी आय का बड़ा स्त्रोत है।
फ्रांस ही नहीं जर्मनी ने भी अपने यहां परमाणु ऊर्जा की मात्रा घटाने का फैसला किया है। जापान में हुई फुकुशीमा दायची परमाणु बिजलीघर हादसे के बाद जर्मनी ने भी 17 रिएक्टर बंद करने का फैसला किया। ये रिएक्टर सन 2022 तक बंद हो जाएंगे। एक अन्य विकसित राष्ट्र दक्षिण कोरिया भी परमाणु ऊर्जा की मात्रा कम करने के प्रयास कर रहा है। ये देश कई दशकों से परमाणु ऊर्जा का व्यावसायिक इस्तेमाल कर रहे हैं।