यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चीन और रूस के इस महत्वपूर्ण कदम की डोनाल्ड ट्रंप ने की प्रशंसा
चीन ने कहा है कि उत्तर कोरिया अंतरराष्ट्रीय बिरादरी को भड़काने वाले काम बंद करे। साथ ही अमेरिका और दक्षिण कोरिया भी तनाव बढ़ाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाएं।

मनीला, एपी/रायटर/प्रेट्र। उत्तर कोरिया के सबसे बड़े सहयोगी चीन ने उससे अपना मिसाइल और परमाणु हथियार विकास कार्यक्रम रोकने का अनुरोध किया है। चीन ने कहा है कि उत्तर कोरिया अंतरराष्ट्रीय बिरादरी को भड़काने वाले काम बंद करे। साथ ही अमेरिका और दक्षिण कोरिया भी तनाव बढ़ाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाएं। चीन के विदेश मंत्री वांग ई ने यह बात उत्तर कोरिया के अपने समकक्ष री योंग हो से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कही। एशिया-प्रशांत क्षेत्र के देशों के विदेश मंत्रियों के हो रहे तीन दिवसीय सम्मेलन में विचारणीय बिंदुओं कोरियाई प्रायद्वीप की स्थिति भी है।
इससे पहले शनिवार को संयुक्त राष्ट्र राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सर्वसम्मति से उत्तर कोरिया का माल खरीदने पर प्रतिबंध लगा दिया। इससे उत्तर कोरिया को सालाना एक अरब डॉलर (करीब 65 अरब रुपये) का नुकसान होगा। इस प्रतिबंध से उसका एक तिहाई निर्यात प्रभावित होगा। इस बाबत आए अमेरिकी प्रस्ताव का चीन और रूस ने भी समर्थन किया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के इस सहयोग की प्रशंसा की है। कहा है कि इससे प्रतिबंध को प्रभावी बनाने में काफी मदद मिलेगी। व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी करके कहा है कि सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव से उत्तर कोरिया को वार्ता की टेबिल पर लाने में मदद मिलेगी। इससे कोरियाई प्रायद्वीप में शांति स्थापित करने के प्रयासों को बल मिलेगा।
सुरक्षा परिषद में इस प्रस्ताव के पारित होने से उत्तर कोरिया से कोयला, लौह अयस्क, इस्पात, लेड, मछली और अन्य सी-फूड लेने पर रोक लग जाएगी। इससे सीधे तौर पर उत्तर कोरिया को दूसरे देशों से मिलने वाली विदेशी मुद्रा कम होगी। उत्तर कोरिया पर ये प्रतिबंध उसके चार जुलाई और 28 जुलाई को अंतर महाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण के मद्देनजर लगाए गए हैं।