विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नत्थी वीजा पर नहीं माना चीन

By Edited By:
Published: Wed, 23 Oct 2013 10:03 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 23 Oct 2013 11:19 PM (GMT+05:30)

भारत और चीन के बीच बुधवार को वैसे तो कई समझौते हुए, लेकिन नत्थी वीजा के मसले पर चीनी नेतृत्व ...और पढ़ें

News Article Hero Image

बीजिंग [श्रवण गर्ग]। भारत और चीन के बीच बुधवार को वैसे तो कई समझौते हुए, लेकिन नत्थी वीजा के मसले पर चीनी नेतृत्व ने कोई भी आश्वासन देने से इन्कार कर दिया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बीजिंग दौरे में बुधवार को भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने अरुणाचल प्रदेश की दो महिला तीरंदाजों को चीनी दूतावास द्वारा नत्थी वीजा जारी करने के मुद्दे को उठाते हुए सख्त एतराज जताया। यही नहीं, ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल में मनमोहन और चीनी प्रधानमंत्री ली कछ्यांग के बीच इस मसले पर चर्चा भी हुई, लेकिन चीन ने कोई भरोसा नहीं दिलाया। हालांकि, इस दौरान दोनों पक्षों ने सीमा रक्षा सहयोग समेत नौ समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इस मौके पर मनमोहन सिंह ने ली कछ्यांग को भारत आने का न्योता भी दिया।

भारतीय विदेश सचिव सुजाता सिंह ने दोहराया कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है। साथ ही स्वीकार किया कि चीनी प्रतिनिधिमंडल के साथ चार घंटे चली बैठक में नत्थी वीजा पर भी चर्चा हुई। हालांकि, आखिर में उन्होंने कहा कि वह इस मामले का ब्योरा अभी नहीं दे सकती। फिलहाल मसले पर बातचीत जारी हैं। मनमोहन ने भी ली से बातचीत के दौरान वीजा नियमों में छूट की बात रखी थी, लेकिन इन मांगों को पूरा करने में चीनी नेतृत्व को कुछ समय लगेगा। सुजाता ने बताया कि बातचीत के दौरान पाकिस्तानी जमीन से चलने वाली आतंकी गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। रक्षा समझौते के तहत भारत-चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने की जरूरत को स्वीकार किया गया। बुधवार को हुए कुल नौ समझौतों में दोनों देशों से होकर बहने वाली नदियों का मामला भी शामिल है। अब भारत को सतलुज और ब्रह्मपुत्र के बारे में ज्यादा सूचनाएं हासिल हो सकेंगी। मनमोहन सिंह ने भारत-चीन के व्यापार असंतुलन का मसला भी उठाया, जो पूरी तरह से चीन के पक्ष में झुका हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस स्थिति को बनाए नहीं रखा जा सकता।

बुधवार को कछ्यांग के बयान से भी स्पष्ट हो गया कि एशिया प्रशांत क्षेत्र में चीन के पुनरुत्थान के लिए भारत के साथ मजबूत राजनीतिक व आर्थिक रिश्ते जरूरी हैं। इस दौरान चीनी प्रधानमंत्री ने भारत में मनमोहन सिंह के नेतृत्व में एक दशक की आर्थिक व सामाजिक प्रगति की तारीफ भी की। वह याद दिलाना नहीं भूले कि 1954 के बाद पहली बार दोनों देश के प्रधानमंत्रियों ने एक ही साल में एक-दूसरे के देश का दौरा किया है। ली ने बताया कि भारत और चीन अगले माह दक्षिण चीन में आतंकवाद विरोधी संयुक्त अभ्यास करने जा रहे हैं। सीमा विवाद पर उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय सबंधों के लिए मतभेदों को संभालना जरूरी है।

बुधवार को भारत में चीन का निवेश बढ़ाने वाले कई समझौतों पर भी हस्ताक्षर हुए। इसमें सड़क परिवहन व राजमार्गो पर सहयोग, ऊर्जा उपकरणों के सर्विस सेंटरों की स्थापना पर एमओयू शामिल हैं। दोनों पक्षों के बीच नालंदा विश्वविद्यालय को लेकर भी एक करार हुआ। कॅस्को के सफल दौरे के बाद बीजिंग में बातचीत के अब तक के नतीजों से भारतीय खेमा संतुष्ट नजर आ रहा है। मनमोहन ने कहा कि वह चीन की जनता व सरकार से मिले उदार आतिथ्य से अभिभूत हैं।

'ली को चीनी नागरिकों को वीजा नियमों में सहूलियतों पर भारतीय प्रतिबद्धता के बारे में बता दिया गया है। साथ ही उम्मीद जताई गई है कि चीन भी भारतीय नागरिकों को वीजा नियमों में छूट देगा।'

-मनमोहन सिंह

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।