विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 20, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इक्वाडोर में फिर भूकंप, अंडमान भी कांपा

By Monika minalEdited By:
Published: Wed, 20 Apr 2016 03:23 PM (IST)Updated: Wed, 20 Apr 2016 08:13 PM (IST)

इक्वाडोर में बुधवार को फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इस बार भूकंप की तीव्रता 6.2 बताई जा रही है।

News Article Hero Image

क्वीटो, रायटर/प्रेट्र/एएनआइ। करीब सवा पांच सौ लोगों की जान लेने वाले भीषण भूकंप के चार दिन बाद बुधवार को इक्वाडोर में फिर से जबर्दस्त झटके महसूस किए गए। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र के अनुसार 6.2 की तीव्रता के भूकंप का केंद्र तटीय शहर एसमरा लदास से 70 किमी दूर सतह से 10 किमी की गहराई में था। हालांकि इससे सुनामी का खतरा नहीं है।

इससे पहले इस दक्षिण अमेरिकी देश में शनिवार को 7.8 की तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था। इसमें 480 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है। 17 सौ लोग लापता हैं। उप गृह मंत्री डियागो फ्यूंतेस ने बताया कि लापता लोगों में से अब तक केवल तीन सौ ही मिले हैं। जैसे-जैसे समय बीत रहा है मलबे के नीचे दबे लोगों के जिंदा मिलने की उम्मीदें भी कम होती जा रही है। तेल से होने वाली कमाई पर मुख्य रूप से आश्रित इस देश में भूकंप के कारण तीन सौ अरब डॉलर की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। करीब डेढ़ हजार इमारतें जमींदोज हो गईं हैं और 20,500 लोग शिविरों में रह रहे हैं।

जापान में एक और शव मिला
दक्षिणी जापान के मिनियामिआसो में बुधवार को बचाव दल ने मलबे से एक शव निकाला। इसके साथ ही पिछले सप्ताह आए विनाशकारी भूकंप में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है। तीन लोग अभी भी लापता हैं। करीब एक लाख लोग शिविरों में रह रहे हैं। कुमामोटो में गुरुवार को 7.3 और शनिवार की सुबह 6.5 की तीव्रता का जबर्दस्त भूकंप आया था।

अंडमान में भी झटके
पश्चिमी थाइलैंड के अंडमान द्वीप के पास बुधवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.0 दर्ज की गई। इससे किसी नुकसान की खबर नहीं है। मौसम विभाग के हवाले से शिन्हुआ ने बताया है कि भूकंप का केंद्र थाइलैंड के दक्षिणी अंडमान तट से 400 किमी की दूर पर था।

इक्वाडोर में विनाशकारी भूकंप से अब तक 413 की मौत, 2000 घायल