विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

800 आतंकी यूरोप में हमले के लिए तैयार

By Amit MishraEdited By:
Published: Tue, 25 Aug 2015 08:15 PM (IST)Updated: Wed, 26 Aug 2015 01:20 AM (IST)

इस्लामिक स्टेट (आइएस) और अल कायदा से जुड़े आतंकी संगठनों के करीब 800 आतंकी किसी भी समय यूरोप में हमले ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लंदन। इस्लामिक स्टेट (आइएस) और अल कायदा से जुड़े आतंकी संगठनों के करीब 800 आतंकी किसी भी समय यूरोप में हमले करने के लिए तैयार बैठे हैं। फ्रांस में हथियारबंद मोरक्को निवासी और मोरक्को तथा स्पेन में संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद हमले की आशंका जताई गई है।

अखबार द टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि सीरिया और इराक के संघर्ष क्षेत्रों से लौट कर आए इस्लामी लड़ाके यूरोप में हमले की तैयारी में हैं। स्पेन के आतंकवाद विरोधी बल के अधिकारी ने बताया कि आइएस और अल कायदा से जुड़े संगठनों द्वारा भर्ती किए गए 800 जिहादी लड़ाके यूरोप में रह रहे हैं। ये मदद करने वाले नेटवर्क से हमले के इशारे का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि लौटकर आए इन लड़ाकों की गतिविधियों पर नजर रखने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन उनके ठिकाने का पता नहीं चल पाया है।

इसके अलावा संघर्ष क्षेत्रों से करीब 350 ब्रिटेनवासी भी लौटे हैं। इनमें से कुछ इंग्लैंड में हमले की साजिश रच रहे हैं। बताया जाता है कि 700 से अधिक ब्रिटेनवासी आइएस के समर्थन में सीरिया और इराक गए थे।

मोरक्को, स्पेन में 14 गिरफ्तार

मोरक्को और स्पेन के संयुक्त अभियान में मंगलवार को 14 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। ये सभी सीरिया और इराक में आइएस की तरफ से लड़ने के लिए लड़ाकों की भर्ती करने वाले सेल से जुड़े बताए जाते हैं।

मोरक्को के विभिन्न शहरों में 13 लोगों और स्पेन के एक शहर में एक व्यक्ति को पकड़ा गया। दोनों देशों के अधिकारियों ने बताया कि इस नेटवर्क का उद्देश्य आइएस के लिए भर्ती के अलावा मोरक्को और स्पेन में आतंकी हमले को अंजाम देना था।