Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यशवंत सिन्हा ने कांग्रेस में नया दोस्त तलाश लिया है: बलुनी

    By Bhupendra SinghEdited By:
    Updated: Fri, 06 Oct 2017 10:00 AM (IST)

    केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर छींटाकशी करने वाले पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के खिलाफ भाजपा की पहली बार प्रतिक्रिया अाई है।

    यशवंत सिन्हा ने कांग्रेस में नया दोस्त तलाश लिया है: बलुनी

    नई दल्ली, प्रेट्र। अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर छींटाकशी करने वाले पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के खिलाफ पहली बार भाजपा की प्रतिक्रिया सामने अाई है। भाजपा प्रवक्ता अनिल बलुनी ने गुरुवार को कहा कि अब पता चला कि उन्हें अर्थशास्त्र का ज्ञान कहां से मिला। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने मान लिया है कि वह कौरवों के साथ हैं। कौरवों का क्या हश्र हुआ, इससे दुनिया वाकिफ है। भाजपा ने कहा कि सिन्हा पूर्व की भ्रष्ट और गरीब विरोधी संप्रग सरकार का बिना पेंदी वाला समर्थक बन गए हैं और उन्होंने कांग्रेस में नया दोस्त तलाश लिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पार्टी ने गुरुवार को सिन्हा को चेतावनी भी दी है। पार्टी नेताओं और सरकार की आर्थिक नीति पर उनकी टिप्पणी के जवाब में भाजपा ने कहा है कि उनकी प्रताड़ित करने वाली गतिविधियां सहनशीलता की सीमाओं के पार जा रही हैं। भाजपा ने कांग्रेस नेता मनीष तिवारी की किताब का हवाला दिया। पार्टी ने कहा कि अब यह साफ हो गया है कि उन्होंने अर्थव्यवस्था पर कहां से ज्ञान जुटाया है। पूर्व वित्त मंत्री पर खुलेआम प्रहार करते हुए भाजपा प्रवक्ता अनिल बलुनी ने कहा कि सिन्हा खुद को भीष्म के जैसा बताने की कोशिश कर रहे हैं। यही साबित करता है कि वह कौरवों के साथ खड़े हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज यह साफ हो गया है कि कहां से वह हर प्रकार का ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं। एक कांग्रेस नेता के कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी से पता चलता है कि उनकी अर्थव्यवस्था को कौन प्रभावित कर रहा है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

    'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी का यशवंत ने जवाब दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि कुछ लोग शल्य की तरह निराशा फैलाने में विश्वास करते हैं। सिन्हा ने इसके जवाब में कहा है कि वह भीष्म पितामह के जैसे नहीं हैं जो अर्थव्यवस्था का चीरहरण होते देख चुप बैठे रहेंगे।

    भाजपा के दूसरे प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा कि सिन्हा अर्थव्यवस्था के बारे में सर्वज्ञ होने का दावा करते हैं। लेकिन बड़ी सफाई से वह अपने कार्यकाल के विनाशकारी प्रदर्शन पर पर्दा भी डाल देते हैं।

    यह भी पढें: जिस दिन पार्टी मुझ पर कार्रवाई करेगी वह जीवन का सबसे अच्छा दिन होगा: सिन्हा