यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उड़ी हमला: करंट लगे बाड़ को सीढ़ियों के जरिए पार कर घुसे थे आतंकी
उड़ी आर्मी कैंप पर हमला करने वाले आतंकियों ने सीमा पर लगे करंट वाले बाड़ को सीढ़ियों की मदद से पार किया था।

उड़ी (जेएनएन)। पिछले माह उड़ी आर्मी कैंप पर आतंकी हमला के दौरान हमारे 19 सैनिकों की हत्या करने वाले आतंकियों ने सीमा पर लगी करंट वाली बाड़ को सीढ़ियों की मदद से पार किया था।
आर्मी अधिकारियों ने बताया कि चार में से एक ने सलामाबाद नाला के करीब बार के बीच जो फासला था उसके जरिए घुसपैठ की थी और भारत की ओर से सीढ़ियां लगायी। दोनों सीढ़िया इस तरह लगायी गयी जैसे पैदल पार करने के लिए पुल बनाया जाता है। पीओके में आतंकियों के दो गाइड मोहम्मद कबीर अवान और बशारत ने बाद में सीढ़ियां हटा दीं।
सूत्रों ने बताया कि सभी आतंकियों का बाड़ के बीच के फासले के बीच से घुसना संभव नहीं था क्योंकि हरेक के पास हथियार थे। इसलिए ही उन्होंने सीढ़ियों का उपयोग किया।
आर्मी के मुताबिक, पाकिस्तान के आतंकियों में से एक ने सलामाबाद नाले के पास बाड़ पार किया। सूत्रों के अनुसार, हमले के एक दिन पहले ही आतंकी भारत में प्रवेश कर गए थे। आतंकियों को आर्मी कैम्प के बारे में भली भांति हर बात पता थी।
