विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 19, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

किराने की दुकान चलाते थे Freedom 251 के मालिक मोहित गोयल

By Sachin MishraEdited By:
Published: Fri, 19 Feb 2016 01:41 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 19 Feb 2016 01:49 PM (GMT+05:30)

आज पूरा देश फ्रीडम 251 मोबाइल के बारे में बात कर रहा है। इसके मालिक मोहित गोयल का परिवार शामली का रहने वाला है।

News Article Hero Image

मेरठ। आज पूरा देश फ्रीडम 251 मोबाइल कंपनी रिंगिंग बेल्स प्राइवेट लिमिटेड के बारे में बात कर रहा है। इसके मालिक मोहित कुमार गोयल का परिवार शामली के गढ़ी पुख्ता का रहने वाला है। उसके पिता राजेश कुमार गोयल की शामली में रेलवे रोड पर रामजी के नाम से किराने की दुकान है।

राजेश कुमार बताते हैं कि उन्हें शुरू से पता था कि उनका बेटा एक दिन बड़ा काम करेगा। उन्होंने बताया कि करीब एक महीना पूर्व ही मोहित शामली आया था, तो एक कंपनी खोलने की बात कह रहा था। इसके लिए उन्होंने मोहित को कुछ पैसे भी दिए थे। इसके बाद उसने मोबाइल कंपनी के बारे में बताया।

मोहित की प्रारंभिक शिक्षा शामली के सेंट आरसी कांवेंट स्कूल से हुई है। इसके बाद मोहित ने नोएडा स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया। तीन साल पूर्व तक मोहित शामली में ही अपने पिता के साथ दुकान पर बैठता था।

रिंगिंग बेल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर मोहित की इसी महीने एक फरवरी को नोएडा की धारणा से शादी हुई है। कंपनी के अध्यक्ष आशोक चढ्ढा हैं। बुधवार को मोबाइल की लांचिंग के दौरान मोहित के पिता भी दिल्ली गए थे। दिल्ली में मोबाइल की लांचिंग में भी शामली से कुछ लोगों को बुलाया गया था। इस आयोजन में मुरली मनोहर जोशी सहित कई भाजपा नेता शामिल हुए थे।

गोयल पिछले साल की शुरुआत में मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक ओम प्रकाश सकलेचा से मिले थे। इस मुलाकात में उन्होंने देश का सबसे सस्ता स्मार्टफोन बनाने की ख्वाहिश जताई थी। फोन लॉन्च कार्यक्रम में सकलेचा भी मौजूद थे।

यह है प्लान

बताया जा रहा है कि रिंगिंग बेल्स कंपनी 500 करोड़ रुपये लगाकर दो प्लांट लगा रही है। पैसा डेब्ट एंड इक्विटी के जरिए जुटाया जाएगा। इसके जरिये बनने वाले फोन की लागत करीब 2500 रुपये आएगी और इसे 251 रुपये में बेचा जाएगा।

मोबाइल के फीचर्स

रिंगिंग बेल्स कंपनी के फ्रीडम 251 स्मार्टफोन 3जी सपोर्ट करता है। यह डुअल सिम है और एंड्रॉयड 5.1 लॉलीपॉप पर चलता है। फोन के साथ एक साल की वारंटी भी आ रही है। फोन की स्क्रीन 4 इंच की है। फ्रीडम 251 में 1450 एमएएच की बैटरी है।

फोन में लगा फ्रंट कैमरा 0.3 और बैक कैमरा 3.2 मेगापिक्सल का लगा होगा। फोन में 1.3 गीगाहर्टज क्वाडकोर प्रोसेसर है। साथ ही एक जीबी रैम और 8 जीबी इंटरनल मैमेरी है। इंटरनल मैमरी को 32 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।

ऐसी है मार्केटिंग स्ट्रैटजी

रिंगिंग बेल्स का कहना है कि घाटे की भरपाई मार्केटिंग का अनूठा तरीका अपना कर, करों में कटौती और ई-कॉमर्स का फायदा उठा कर किया जाएगा। कंपनी का दावा है कि उनका फोन पूरी तरह से स्वदेशी है।

संबंधित अन्य सामग्री पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें