झामुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री को दिखाए काले झंडे
झारखंड दौरे पर आए केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह को सोमवार को झामुमो कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और नारेबाजी की। पुलिस की भारी सुरक्षा व्यवस्था की वजह से भाजपा और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच टकराव टल गया।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड दौरे पर आए केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह को सोमवार को झामुमो कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और नारेबाजी की। पुलिस की भारी सुरक्षा व्यवस्था की वजह से भाजपा और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच टकराव टल गया।
बिरसा चौक पर भाजपा और झामुमो समर्थकों के आमने-सामने हो जाने की वजह से 10 मिनट तक अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस को दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। भाजपाई केंद्रीय मंत्री को काले झंडे दिखाए जाने का विरोध कर रहे थे। इसके लिए करीब एक हजार कार्यकर्ता और नेता दर्जनों वाहनों से मंत्री के काफिले के साथ चल रहे थे। बिरसा चौक से मंत्री का काफिला निकलने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। इधर, गढ़खटंगा में भी झामुमो कार्यकर्ताओं ने मंत्री को काले झंडे दिखाए।
23 अगस्त को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और विष्णुदेव साय को काला झंडा दिखाए जाने और रास्ता रोके जाने के सवाल पर भाजपा और झामुमो कार्यकर्ताओं की भिडं़त हो गई थी। करीब एक दर्जन कार्यकर्ता दोनों पक्षों से चोटिल हुए थे। 23 अगस्त की घटना को देखते हुए सोमवार को भी टकराव की आशंका थी। इसे देखते हुए पुलिस ने झामुमो कार्यकर्ताओं को रोक रखा था। पुलिस घेरे के अंदर से ही कार्यकर्ताओं ने मंत्री को काले झंडे दिखाए और मंत्री वापस जाओ-वापस जाओ के नारे लगाए। सिटी एसपी अनूप बिरथरे ने कहा कि झामुमो कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से केंद्रीय मंत्री का विरोध किया और सब कुछ शांति से गुजर गया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की हूटिंग किए जाने के विरोध में झामुमो ने केंद्रीय मंत्रियों के झारखंड दौरे के विरोध का निर्णय लिया है। पार्टी का कहना है कि जब तक प्रधानमंत्री माफी नहीं मांगेंगे तब तक विरोध जारी रहेगा।
पढ़ें: त्रासदी की शिकार कृषि